खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज़, फेज़-3ए, मोहाली में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन….
मोहाली, 28 जुलाई 2026: खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज़, फेज़-3ए, मोहाली के इको क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा पंजाब एनवायरनमेंट सोसाइटी (रजि.) के सहयोग से पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी, पंजाब एनवायरनमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष असीम शर्मा, महासचिव तेजिंदर सैनी, उपाध्यक्ष एस. एस. सेखों, संयुक्त सचिव बलजिंदर सिंह, तथा नरेश महाजन, जसमेर सिंह, एस.पी. सिंह नोज़ी और निर्मल संधू सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इनके साथ कॉलेज के अध्यापक, एनएसएस स्वयंसेवक, इको क्लब के सदस्य तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पौधों को पानी देकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी ने इको क्लब एवं एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, जैव विविधता की रक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रकृति की रक्षा करने तथा नियमित रूप से वृक्षारोपण एवं उनकी देखभाल कर अपने आसपास के वातावरण को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।


