ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ के नवनियुक्त चेयरमैन बने समाजसेवी सुभाष धीमान; जनसेवा को बताया जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य
चंडीगढ़, मनीमाजरा:ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ के नवनियुक्त चेयरमैन एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष धीमान ने अपने मनोनयन पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिहँ भारतीय व एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों तथा मीडिया का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए किसी सम्मान से कम नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने की एक नई जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान सुभाष धीमान ने अपने सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा के लंबे सफर को साझा करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास ने उन्हें निरंतर समाज सेवा के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “व्यस्तताओं के कारण मैं हर व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाता, लेकिन मेरे मन में अपने प्रत्येक साथी, शुभचिंतक और मित्र के प्रति अपार सम्मान है। मैं अपने सभी साथियों को हृदय की गहराइयों से नमन करता हूँ। आज तक जो भी कार्य मैंने किए हैं, वे मेरी देवतुल्य जनता के सामने हैं। आगे भी बिना किसी स्वार्थ के समाज और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करता रहूँगा।”
सुभाष धीमान ने अपने सार्वजनिक जीवन की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक हैं तथा 2 बार प्रधान रहने के बाद वर्तमान में लगातार 9 बार चेयरमैन बने तथा वर्तमान में चैयरमैन के लिए रूप में सेवा दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे पिछले लगभग 15 वर्षों से ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक एवं उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उन्हें नगर निगम चंडीगढ़ में लगभग 10 वर्षों तक जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जहाँ उन्होंने शहर के विकास और जनहित के अनेक मुद्दों पर सक्रिय योगदान दिया। वर्तमान में वे CRAWFED (क्रॉफेड), जोन-2 चंडीगढ़ के नवनियुक्त सचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।
राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे लगभग 10 वर्षों तक जिला कांग्रेस कमेटी, चंडीगढ़ में सक्रिय रहे और पाँच वर्षों तक जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव (जनरल सेक्रेटरी) के रूप में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि समाज सेवा किसी पद या पहचान की मोहताज नहीं होती, बल्कि लोगों के विश्वास, सहयोग और संवेदनशील सोच से आगे बढ़ती है। उनका प्रयास रहेगा कि ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनहित के अन्य मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए।
अंत में सुभाष धीमान ने भगवान का स्मरण करते हुए कहा कि वे जनता के स्नेह और आशीर्वाद से निरंतर जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर हैं। उन्होंने मीडिया, क्षेत्र की सम्मानित जनता, एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं अपने सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ समाज और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।


