लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

वोट चोरी के खिलाफ चंडीगढ़ कांग्रेस का अभियान तेज, सेक्टर-29, मौलीजागरां और सेक्टर-56 में जोरदार विरोध प्रदर्शन…..

चंडीगढ़ कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर अपना विरोध अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज सेक्टर-29, मौलीजागरां और सेक्टर-56 में विरोध मार्च निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और वोट चोरी के खिलाफ संदेश लिखे प्लेकार्ड हाथों में लेकर नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इन प्रदर्शनों में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की, एआईसीसी सचिव विदित चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष राजदीप सिद्धू, सुरजीत ढिल्लों, दलजीत सिंह और जसबीर बंटी तथा कॉलोनी सेल के अध्यक्ष मुकेश राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीनों स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी समर्थन जताया।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि “आज जब विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है, तब केंद्र सरकार उसकी चिंताओं का जवाब देने के बजाय चुनाव आयोग के बचाव में खड़ी दिखाई दे रही है। इससे सरकार की मंशा और चुनावी पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।”

लक्की ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी राजनीतिक दल के खिलाफ मात्र राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को कायम रखने की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार का उसके पक्ष में खड़ा होना लोकतांत्रिक जवाबदेही को कमजोर करता है।

उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता को ही यह चिंता सताने लगे कि उसके वोट का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित है या नहीं, तो यह पूरे लोकतांत्रिक ढांचे के लिए गंभीर विषय है। कांग्रेस की मांग स्पष्ट है—चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम करे और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जाए।”

लक्की ने घोषणा की कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित बड़े प्रदर्शन में चंडीगढ़ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष अपनी चिंताएं रखने और ज्ञापन सौंपने का प्रयास करेगी, ताकि मतदाता अधिकारों तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया जा सके।

लक्की ने देशवासियों से लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनावों में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक से इस मुद्दे पर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे संविधान के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करें। किसी भी संस्था के कामकाज पर उठने वाले गंभीर सवालों का समाधान जवाबदेही और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि “यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते। कांग्रेस लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।”

आज के तीनों विरोध प्रदर्शनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए वोट चोरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मतदाता अधिकारों और चुनावी निष्पक्षता का मुद्दा आगे भी पार्टी के आंदोलन का प्रमुख हिस्सा बना रहेगा।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress