लाइव कैलेंडर

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

राहुल गांधी का जन्मदिन मनाना तभी सार्थक होगा जब हम छात्रों की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ें : एच.एस. लक्की…..

चंडीगढ़, 19 जून।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आज सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में केक काटकर राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि राहुल गांधी आज देश के उन लाखों विद्यार्थियों की आवाज़ बनकर उभरे हैं, जिनके भविष्य के साथ लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की खामियों के कारण अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज निराशा, असुरक्षा और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, लेकिन राहुल गांधी लगातार उनके हितों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं।

लक्की ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में राजस्थान के कोटा से छात्रों के हितों को लेकर एक राष्ट्रीय मुहिम की शुरुआत की है। देश की शिक्षा नगरी के रूप में पहचान रखने वाले कोटा में राहुल गांधी ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, चुनौतियों और आकांक्षाओं को समझा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त खामियों, परीक्षा प्रणाली की कमियों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को देश के सामने उजागर किया।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य को बचाने का अभियान है। आने वाले दिनों में राहुल गांधी देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे तथा उनके मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का विषय बनाएंगे।

बैठक के दौरान कोटा में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया, जिसे सभी कांग्रेस नेताओं एवं फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों ने देखा। इसके उपरांत एच.एस. लक्की ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि अगले सप्ताह कांग्रेस पार्टी इस विषय पर विस्तृत प्रेस वार्ता आयोजित करेगी और चंडीगढ़ की जनता को शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियों तथा विद्यार्थियों के संघर्ष से अवगत कराएगी।

उन्होंने घोषणा की कि इसके बाद शहर के सभी पांच जिलों तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राहुल गांधी का संदेश, उनका छात्रों के साथ संवाद और शिक्षा सुधार की आवश्यकता को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी।

एच.एस. लक्की ने बताया कि 26 जून को छात्रों के मुद्दों को लेकर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें चंडीगढ़ से विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी आवाज़ बुलंद की जाएगी।

लक्की ने विशेष रूप से युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के साथियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस अभियान को घर-घर और छात्र-छात्राओं तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार यही होगा कि हम उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफल हों और छात्रों को यह विश्वास दिलाएं कि कांग्रेस पार्टी उनके भविष्य, उनके अधिकारों और उनके सपनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर वे विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाएंगे, छात्रों के साथ संवाद स्थापित करेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की मांग को एक जनआंदोलन का रूप देंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के लाखों छात्र अपने माता-पिता की मेहनत और खून-पसीने की कमाई के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में पेपर लीक और परीक्षा घोटाले केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि उन परिवारों के सपनों और विश्वास पर सीधा हमला हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसे प्रत्येक छात्र को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा विश्वसनीय बनाने की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखेगी।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress