लाइव कैलेंडर

February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

गुरबाणी कीर्तन, रक्तदान और पुस्तक विमोचन से सजी सेवा की अनुपम मिसाल….

मोहाली, 8 फरवरी 2026: फेज-7, मोहाली की मार्केट में समाजसेवी अमरिंदर सिंह और अमरजीत सिंह चट्ठा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में आध्यात्म, सेवा और स्वास्थ्य का सुंदर समन्वय देखने को मिला। एक ओर गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया गया, वहीं दूसरी ओर थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन कर सामाजिक दायित्व का प्रभावशाली निर्वहन किया गया।रक्तदान शिविर में 150 युनिट रक्त इकठ्ठा किया गया। कार्यक्रम में अमरिंदर सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “द हेयर विज्ञान: बैक टू ब्लैक – द आयुर्वेदिक पाथ टू हेयर रेजुवेनेशन” का विमोचन भी किया गया।

अमरिंदर सिंह, जो शहर में ‘डाइटकिंग’ के नाम से जाने जाते हैं, तथा अमरजीत सिंह चट्ठा, जो एक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट होने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं, ने इस आयोजन को सेवा भावना के साथ साकार किया।

इस अवसर पर अमरिंदर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिकता, स्वास्थ्य और समाज सेवा को एक साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सच्ची सेवा हैं और समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। अमरजीत सिंह चट्ठा ने कहा कि भविष्य में भी इसी भावना के साथ ऐसे सेवा-आधारित कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष गुरबाणी कीर्तन से हुई, जिसे भाई लखविंदर सिंह जी (चंडीगढ़ वाले) ने भावपूर्ण स्वर में प्रस्तुत किया। गुरबाणी की मधुर वाणी से वातावरण आध्यात्मिकता से सराबोर हो गया और संगत ने श्रद्धापूर्वक माथा टेका। संगत के लिए अटूट लंगर सेवा का भी आयोजन किया गया ।

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने शिरकत की, जबकि मोहाली नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। अतिथियों ने सबसे पहले माथा टेका और इसके उपरांत रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में सोहाना अस्पताल की विशेषज्ञों की टीम ने रक्तदान करने आए लोगों की जांच के उपरांत रक्त एकत्रित किया। इस अवसर पर रंदीप बत्ता, जो मिशन कश्मीर टू कन्याकुमारी रक्तदान जागरूकता अभियान के लिए जाने जाते हैं और जो बिगेस्ट ब्लड डोनर ऑफ द कंट्री की उपाधि से भी मशहूर हैं को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया । इसके अलावा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला के राकेश संगर को भी आयोजकों ने नवाजा।

मुख्य अतिथि ने अमरिंदर सिंह द्वारा लिखित किताब “द हेयर विज्ञान: बैक टू ब्लैक – द आयुर्वेदिक पाथ टू हेयर रेजुवेनेशन” जो बाल झड़ने, समय से पहले सफेद होने तथा बालों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके आयुर्वेदिक समाधानों पर केंद्रित है, का विमोचन किया ।

इस दौरान जे.जे. सिंह (समाजसेवी), मेजर जनरल एम.एस. विर्क (सेवानिवृत्त), एस.पी. सिंह मरार (पंजाब सरकार के सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव एवं पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त), विंग कमांडर बलबीर सिंह(सेवानिवृत्त), अजीत सिंह (हॉकी ओलंपियन), एम.एस. मुल्तानी (सेवानिवृत्त वरिष्ठ ऑडिट अधिकारी), अशोक कुमार सिंह (भारतीय रेल के सेवानिवृत्त अधिकारी), सरबजीत सिंह तूर (कृषक एवं प्रख्यात उद्योगपति), कर्नल एस.एस. बोपाराय (सेवानिवृत्त सेना अधिकारी), राजिंदर सिंह गिल (सेवानिवृत्त मर्चेंट नेवी अधिकारी), विनोद शर्मा (सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक, सिटको) तथा एन.एस. बराड़ (सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता) विशेष रूप से उपस्थित रहे।