खराब हवा से बढ़ सकता है सीओपीडी मरीजों का खतरा, सांस की परेशानी को न करें नजरअंदाज…..
पंचकुला, 18 नवंबर ( ): उत्तर भारत में लगातार बिगड़ रही वायु गुणवत्ता के बीच पारस हेल्थ पंचकुला के डॉक्टरों ने क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार, हवा में मौजूद बारीक प्रदूषित कण (पीएम 2.5 और पीएम 10) तथा अन्य हानिकारक गैसें फेफड़ों को प्रभावित कर सकती हैं। इससे पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है और अचानक सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो सकती है।
सीओपीडी फेफड़ों की एक गंभीर और धीरे-धीरे बढ़ने वाली बीमारी है, जिसमें सांस की नलियां प्रभावित होती हैं और मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। धूम्रपान इसका प्रमुख कारण है, लेकिन लंबे समय तक प्रदूषित हवा, घरों में लकड़ी और अन्य ईंधन के धुएं, औद्योगिक धूल तथा रासायनिक पदार्थों के संपर्क में रहने से भी इसका खतरा बढ़ सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, वर्ष 2023 में दुनियाभर में सीओपीडी के कारण लगभग 34 लाख लोगों की मौत हुई। यह दुनिया में मृत्यु के प्रमुख कारणों में तीसरे स्थान पर है। भारत में फरवरी 2026 में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, देश में सीओपीडी का अनुमानित प्रसार 13 प्रतिशत है, जबकि उत्तर भारत में यह आंकड़ा 19 प्रतिशत तक पाया गया।
इस अवसर पर पारस हेल्थ पंचकुला के पल्मोनोलॉजी विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रॉबिन गुप्ता ने कहा कि सीओपीडी का पता अक्सर बीमारी के गंभीर होने के बाद चलता है, क्योंकि लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। लगातार खांसी, बलगम बनना, सांस लेते समय घरघराहट और थोड़ी मेहनत करने पर सांस फूलना इस बीमारी के प्रमुख संकेत हैं। उन्होंने कहा कि सांस लेने में परेशानी को सामान्य नहीं समझना चाहिए। स्पाइरोमेट्री (फेफड़ों की कार्यक्षमता जांचने का परीक्षण) से बीमारी की समय पर पहचान की जा सकती है। सही इलाज, धूम्रपान छोड़ने और नियमित चिकित्सकीय जांच से बीमारी को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
प्रदूषण के दौरान सीओपीडी मरीज रखें विशेष सावधानी
डॉक्टरों ने सलाह दी कि प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सीओपीडी मरीज घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर एन 95 मास्क पहनें और व्यस्त सड़कों व निर्माण स्थलों के आसपास व्यायाम न करें। घर में तंबाकू, लकड़ी और खाना पकाने के धुएं से दूरी बनाए रखें। मरीज डॉक्टर द्वारा बताई गई सांस की दवाओं और इनहेलर का नियमित इस्तेमाल करें तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के इलाज बंद न करें।
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर बीमारी की पहचान, नियमित दवाएं, संतुलित खानपान, उचित शारीरिक गतिविधि और जरूरी टीकाकरण से सीओपीडी के मरीज बेहतर जीवन जी सकते हैं। विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर अस्पताल ने लोगों से फेफड़ों की सेहत के प्रति जागरूक रहने और सांस संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की।


