वीनू मांकड़ ट्रॉफी: पंजाब अंडर-19 बना चैंपियन, फाइनल में मुंबई को 7 विकेट से हराया ……
इंदौर के द डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट के खिताबी मुकाबले में पंजाब अंडर-19 ने मुंबई को 7 विकेट से रौंदकर सत्र का पहला खिताब अपने नाम कर लिया। पिछली बार फाइनल में फिसलने वाली पंजाब की टीम ने इस बार कोई गलती नहीं की और शानदार जीत दर्ज की। लंबे समय के बाद टीम ने ये ट्रॉफी जीती है।
पंजाब की इस खिताबी जीत पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के प्रेसिडेंट अमरजीत मेहता ने टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह इस सीजन का पंजाब का पहला खिताब है। पिछली बार टीम फाइनल में पहुंचने के बाद खिताब से चूक गई थी, लेकिन इस बार युवा खिलाड़ियों ने उस कमी को पूरी तरह दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस कामयाबी में खिलाड़ियों के जज्बे के साथ कोचिंग स्टाफ का भी अहम योगदान रहा है। यह उपलब्धि पूरे पंजाब के लिए सम्मान की बात है और मौजूदा सत्र में पंजाब की हर टीम खिताबी जीत की प्रबल दावेदार है।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 281 रन बनाए। मुंबई के लिए अर्जुन गडोया ने नाबाद 109 रन और हर्ष गायकर ने 66 रन बनाए। पंजाब के लिए ईशान सूद और साहिबजोतवीर सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके, जबकि जयप्रताप सिंह जोहल को 1 विकेट मिला।
जवाब में 282 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब टीम ने 46 ओवर में 3 विकेट खोकर 285 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर प्रियांशु प्रताप ने 40 रन बनाकर ठोस शुरुआत दी। इसके बाद ‘मैन ऑफ द मैच’ सागर विर्क ने 119 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 111 रनों की शतकीय पारी खेली और ऋषभ गुप्ता (59) के साथ मजबूत साझेदारी की। अंत में कप्तान अर्जुन राजपूत ने मात्र 33 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों से नाबाद 55 रन ठोककर टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन राजपूत को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया, जबकि उमेश गिल 7 रन पर नाबाद लौटे।


