रामदरबार में धूमधाम से मनाया गया करवा चौथ का पर्व, 26 वर्षों से महिलाओं के साथ निभा रही हैं परंपरा: कमलेश बनारसी दास…….
रामदरबार, चंडीगढ़। आज रामदरबार में करवा चौथ का पावन पर्व महिलाओं द्वारा बड़े उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने एकत्रित होकर पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ करवा चौथ की पूजा-अर्चना की तथा अपने सुहाग की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
करवा चौथ के इस पावन त्योहार पर भगवान गणेश जी, भगवान शिव, माता पार्वती और चौथ माता की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा करते हुए अपने पति की लंबी उम्र, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी। कथा के बाद पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा की थाली को एक-दूसरे के सामने घुमाया गया और महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक करवा चौथ के गीत गाए। इस दौरान “काटी नया तेरी न घूम चरकड़ा फेरी, न बन पाई न सुई च ठगा पाई…” जैसे पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से त्योहार की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया गया।
इसके बाद सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं, बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तथा हमउम्र महिलाओं ने गले मिलकर प्रेम, स्नेह और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, आपसी सौहार्द और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
पूर्व महापौर कमलेश बनारसी दास ने बताया कि वह पिछले लगभग 26 वर्षों से रामदरबार की महिलाओं के साथ मिलकर करवा चौथ का पर्व मनाती आ रही हैं। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक साथ जोड़ना, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करना तथा भारतीय संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने सभी महिलाओं को करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी वैवाहिक जीवन, परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
कमलेश बनारसी दास
पूर्व महापौर, चंडीगढ़


