दशहरे पर चंडीगढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन….
दशहरे पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा का संघर्ष बताते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता तथा मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं पर चिंता जताई।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने किया और आयोजन पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लोबाना ने किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता व जवाबदेही की मांग की।
लक्की ने कहा कि विपक्षी दल देशभर में मतदाता सूची और वोट चोरी के मुद्दे उठा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर गंभीर सवालों से चुनाव आयोग की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा, “दशहरा अन्याय और बुराई के खिलाफ संघर्ष का संदेश देता है। आज का प्रदर्शन किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। वोट किसी दल, सरकार या पदाधिकारी की संपत्ति नहीं, प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है।”
लक्की ने कहा कि मतदाता सूची से किसी नागरिक का नाम अनुचित रूप से हटाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता है। चुनाव आयोग को मतदाताओं के सवालों का निष्पक्ष और पारदर्शी जवाब देना चाहिए। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे और केंद्र सरकार से चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, निष्पक्षता व विश्वसनीयता बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक तरीके से यह मुद्दा जनता के बीच उठाते रहने का संकल्प लिया।
मनोज लोबाना ने कहा कि दशहरा अन्याय और अहंकार के अंत का प्रतीक है। मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और वोट से वंचित किए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “वोट जनता की आवाज है। इसे कमजोर करने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीकों से मतदाता अधिकारों तथा चुनावी पारदर्शिता का मुद्दा उठाती रहेगी।”
प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की जवाबदेही, मतदाता सूची में पारदर्शिता और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित हो, चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्षता से काम करें।
इस अवसर पर चंडीगढ़ कांग्रेस के अनेक नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


