लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका: पार्षद रामचंद्र यादव और मशहूर पंजाबी अदाकारा अदिति आर्या कांग्रेस में शामिल….

चंडीगढ़ कांग्रेस को नगर निगम चुनाव से पहले बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर 15 के पार्षद रामचंद्र यादव ने आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ पंजाबी सिनेमा की जानी-मानी अदाकारा अदिति आर्या ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की की मौजूदगी में दोनों ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर कांग्रेस के पार्षदों के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रामचंद्र यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के बीच कांग्रेस भवन पहुंचे। यादव की पूर्वांचल समाज में मजबूत पकड़ मानी जाती है और उनके साथ बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने कांग्रेस का रुख किया। यादव आम आदमी पार्टी के युवा संगठन के भी अध्यक्ष रहे हैं।

पंजाबी सिनेमा में कई फिल्मों में मुख्य भूमिका निभा चुकीं अदिति आर्या के कांग्रेस में शामिल होने को भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। युवा पीढ़ी से आने वाली अदिति आर्या ने चंडीगढ़ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वह शहर की बेटी हैं और उन्होंने चंडीगढ़ का वह दौर देखा है जब यह शहर देश के सबसे खूबसूरत और व्यवस्थित शहरों में गिना जाता था।

लक्की बोले—राहुल गांधी की निडर राजनीति से प्रभावित होकर लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं

मीडिया को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि आज देश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जनपक्षीय और निडर राजनीति को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों, पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और आम जनता से जुड़े सवालों को राहुल गांधी ने जिस मजबूती से उठाया है, उसने देश के विभिन्न वर्गों में भरोसा पैदा किया है।

लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस ने भी पिछले लंबे समय से शहर के वास्तविक जनहित के मुद्दों को लगातार और मजबूती से उठाया है। पानी, महंगाई, नगर निगम की वित्तीय स्थिति, संपत्ति कर, कलेक्टर रेट, शहर के विकास की धीमी गति और नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर कांग्रेस लगातार जनता की आवाज बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि रामचंद्र यादव और अदिति आर्या का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि शहर के विभिन्न वर्ग अब कांग्रेस को एक मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

रामचंद्र यादव का AAP पर हमला—कांग्रेस ही भाजपा को हराने की क्षमता रखती है

कांग्रेस में शामिल होने के बाद रामचंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा को हराने की वास्तविक क्षमता कांग्रेस पार्टी में ही है।

यादव ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के कारणों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर काबिल और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की पर्याप्त कद्र नहीं है तथा चंडीगढ़ में पार्टी का नेतृत्व दिशाहीन नजर आता है।

उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से चंडीगढ़ की राजनीति और जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और अब वह कांग्रेस के मंच से शहर और खासकर पूर्वांचल समाज की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

अदिति आर्या बोलीं—चंडीगढ़ को खोया गौरव वापस दिलाना जरूरी कांग्रेस में शामिल हुईं अदिति आर्या ने कहा कि “मैं चंडीगढ़ की बेटी हूं और मैंने इस शहर का स्वर्णिम दौर देखा है। आज चंडीगढ़ की स्थिति जिस तरह लगातार खराब होती जा रही है, उसे देखकर चिंता होती है।”

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि देश के आधुनिक और नियोजित शहरों की पहचान है। शहर के विकास, स्वच्छता, संस्कृति, पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की जरूरत है।

अदिति आर्या ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जिस तरह आम लोगों, युवाओं और छात्रों के मुद्दों को उठा रही है तथा चंडीगढ़ में कांग्रेस लगातार जनहित के सवालों पर संघर्ष कर रही है, उससे प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है।

लक्की का दावा—नगर निगम चुनाव में कांग्रेस बनाएगी मजबूत बहुमत की सरकार

एच.एस. लक्की ने कहा कि आने वाले दिनों में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित शख्सियतें और बड़ी संख्या में अन्य लोग कांग्रेस में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि “आज चंडीगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है। दिसंबर 2026 में होने वाले नगर निगम चुनाव में जनता कांग्रेस को मजबूत जनादेश देगी और नगर निगम में कांग्रेस का मेयर बनेगा।”

लक्की ने भाजपा के नगर निगम शासन पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले वर्षों में भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम प्रशासन से जनता को निराशा मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 में से 9 मेयर भाजपा से रहे, लेकिन शहर को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में एक के बाद एक कई विवाद और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए, जबकि चंडीगढ़ की विकास गति लगातार प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल नारों और राजनीतिक प्रचार से संतुष्ट होने वाली नहीं है; लोग जवाबदेही, पारदर्शिता और जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहते हैं।

“भाजपा से मोहभंग, कांग्रेस से उम्मीद—लक्की

लक्की ने कहा कि भाजपा के लंबे नगर निगम शासन के बावजूद शहर की मूलभूत समस्याएं आज भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पानी, सफाई, ट्रैफिक, पार्किंग, सड़कों, संपत्ति कर, नगर निगम की वित्तीय स्थिति और विकास परियोजनाओं से जुड़े सवालों पर भाजपा को जनता के सामने जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि “चंडीगढ़ की जनता भाजपा के नगर निगम शासन का हिसाब मांग रही है। शहर के लोगों का भाजपा से मोहभंग हो चुका है और अब वे कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहे हैं।”

लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी भी लगातार संसद और शहर के स्तर पर चंडीगढ़ से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीद है कि यदि नगर निगम कांग्रेस के हाथों में आता है तो शहर की रुकी हुई विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और चंडीगढ़ दोबारा देश के अग्रणी शहरों में अपनी पहचान कायम करेगा।

अब बदलाव की बारी चंडीगढ़ की है

लक्की ने कहा कि रामचंद्र यादव और अदिति आर्या का कांग्रेस में शामिल होना केवल दो व्यक्तियों का पार्टी में आना नहीं है, बल्कि यह चंडीगढ़ के अलग-अलग सामाजिक वर्गों, युवाओं और शहर की नई राजनीतिक दिशा की ओर बढ़ते कदम का संकेत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले नगर निगम चुनाव को केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के भविष्य, पारदर्शी नगर निगम व्यवस्था, जवाबदेही और विकास की नई दिशा का चुनाव बनाएगी।

लक्की ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य स्पष्ट है—जनता की आवाज को नगर निगम तक पहुंचाना, भ्रष्टाचार और मनमानी पर रोक लगाना और चंडीगढ़ को फिर से देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों की कतार में खड़ा करना।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress

9872511115