पंचकूला उपायुक्त के पत्र से मेयर श्याम लाल बंसल पर लगे गंभीर आरोपों की हुई पुष्टि, भाजपा नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दिलाए : मनोज अग्रवाल….
इंडियन नेशनल लोकदल के पंचकूला जिलाध्यक्ष (शहरी) एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने उपायुक्त, पंचकूला द्वारा नगर निगम आयुक्त को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए कहा कि अब यह मामला केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वयं जिला प्रशासन ने गंभीर आपराधिक आरोपों के मद्देनज़र मेयर श्याम लाल बंसल के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश भेजा है। उल्लेखनीय है कि पंचकूला उपायुक्त द्वारा यह पत्र क्रमांक 1350 तिथि 23.6.26 निगमायुक्त को भेजा गया था।
मनोज अग्रवाल ने कहा कि उपायुक्त के पत्र में स्पष्ट रूप से नगर निगम आयुक्त से अनुरोध किया गया है कि श्याम लाल बंसल को मेयर पद से हटाने तथा नगर निगम के ठेकेदारों की सूची से बाहर करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, क्योंकि उनके विरुद्ध गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। यह पत्र भाजपा सरकार के उस दावे की पोल खोलता है जिसमें वह स्वयं को भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की सरकार बताती है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी सामान्य नागरिक या विपक्षी दल के नेता पर ऐसे आरोप होते तो भाजपा अब तक नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए इस्तीफा मांग चुकी होती। लेकिन जब मामला अपने ही मेयर का है तो सरकार और भाजपा नेतृत्व पूरी तरह मौन हैं। यह दोहरा चरित्र और राजनीतिक संरक्षण का स्पष्ट प्रमाण है।
मनोज अग्रवाल ने कहा कि भाजपा को तुरंत श्याम लाल बंसल से इस्तीफा लेना चाहिए। यदि सरकार और पार्टी ऐसा नहीं करती तो यह माना जाएगा कि वह गंभीर आरोपों से घिरे लोगों को संरक्षण दे रही है और नगर निगम की गरिमा तथा जनता के विश्वास से खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंचकूला की जनता जानना चाहती है कि जब जिला प्रशासन स्वयं कार्रवाई की बात कर रहा है तो अब तक मेयर के खिलाफ कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया। क्या भाजपा के लिए कानून और नैतिकता केवल विपक्ष के लिए ही लागू होती है?
मनोज अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो इनेलो इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और भ्रष्टाचार तथा राजनीतिक संरक्षण के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। भाजपा को जवाब देना होगा कि आखिर किस दबाव में गंभीर आरोपों से घिरे मेयर को अब तक पद पर बनाए रखा गया है।


