भाजपा का ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान महज़ दिखावा और राजनीतिक नौटंकी, शहर की असली समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश : एच.एस. लक्की…
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में चलाए गए “स्वच्छता से स्वागत” अभियान को महज़ एक राजनीतिक दिखावा और नौटंकी करार दिया है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में स्वच्छता के प्रति गंभीर होती तो केवल कैमरों के सामने झाड़ू लगाने की बजाय पूरे शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को सुधारने का प्रयास करती। सेक्टर-26 की सब्ज़ी मंडी और उसके आसपास का क्षेत्र लंबे समय से गंदगी, कूड़े के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था के लिए बदनाम है। इस स्थिति पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक कड़ी टिप्पणियाँ कर चुका है। ऐसे में केवल चुनिंदा स्थान पर फोटो खिंचवाने के लिए सफाई अभियान चलाना जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।
उन्होंने कहा कि शहरवासी आज भी वह घटना नहीं भूले हैं जब भाजपा नेताओं पर पहले स्वयं कूड़ा फैलाकर बाद में उसी स्थान पर सफाई अभियान चलाने के आरोप लगे थे। इससे स्पष्ट हो गया था कि भाजपा के लिए स्वच्छता एक जनसेवा नहीं बल्कि राजनीतिक प्रचार का माध्यम है।
लक्की ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि पिछले दस वर्षों में चंडीगढ़ की सफाई व्यवस्था की यह दुर्दशा किसकी जिम्मेदारी है। शहर के अनेक क्षेत्रों में आज भी नियमित रूप से कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, नालियां जाम रहती हैं और सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। यदि भाजपा वास्तव में स्वच्छता के प्रति ईमानदार होती तो यह स्थिति कभी पैदा ही नहीं होती।
उन्होंने कहा कि डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। वर्षों तक भाजपा के शासन में इस डंपिंग ग्राउंड की समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण आसपास रहने वाले हजारों परिवारों को प्रदूषण, दुर्गंध और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। आज वही भाजपा स्वच्छता की बात कर रही है, जिसे सुनकर शहर की जनता हैरान है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ आगमन को लेकर भाजपा को दिखावटी कार्यक्रमों की बजाय शहर के वास्तविक मुद्दों पर बात करनी चाहिए। आज चंडीगढ़ का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। ठेकेदारी प्रथा के कारण कर्मचारियों का लगातार शोषण हो रहा है। महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। नगर निगम लगातार आर्थिक संकट, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा हुआ है। विकास कार्य प्रभावित हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि चंडीगढ़ को कौन-कौन सी नई परियोजनाएं, विकास योजनाएं और जनकल्याणकारी सौगातें मिलने जा रही हैं। शहर के लंबित मुद्दों—रोजगार, सफाई, पेयजल, ट्रैफिक, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगर निगम की वित्तीय स्थिति—पर कोई ठोस घोषणा करने के बजाय भाजपा केवल प्रचार आधारित कार्यक्रमों में व्यस्त है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता अब भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। केवल फोटो खिंचवाने और प्रतीकात्मक कार्यक्रम करने से शहर की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जनता को जवाब चाहिए कि दस वर्षों के शासन के बावजूद सफाई व्यवस्था क्यों बदहाल है, डड्डूमाजरा की समस्या वर्षों तक क्यों बनी रही, नगर निगम की वित्तीय स्थिति क्यों खराब हुई और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर क्यों नहीं बढ़ाए गए।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के वास्तविक मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी शहरवासियों के अधिकारों, बेहतर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छ एवं स्वस्थ चंडीगढ़ और जवाबदेह प्रशासन के लिए संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा को भी दिखावटी अभियानों से बाहर निकलकर जनता के वास्तविक सरोकारों पर काम करना चाहिए।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


