लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में सुखना झील पर कांग्रेस का कैंडल मार्च…..

देश में लगातार बढ़ रही बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक, युवाओं के टूटते विश्वास और इन परिस्थितियों से निराश होकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सुखना झील पर एक भावुक एवं विशाल कैंडल मार्च निकाला गया।

इस कैंडल मार्च का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चंडीगढ़ प्रभारी एवं पूर्व सांसद रजनी पाटिल, चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने संयुक्त रूप से किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां, बैनर, तख्तियां तथा उन विद्यार्थियों की तस्वीरें लेकर चल रहे थे जिन्होंने नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आए पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था की अव्यवस्था, मानसिक तनाव और भविष्य के प्रति गहरी निराशा के कारण अपनी जान गंवा दी। पूरे मार्च के दौरान वातावरण बेहद भावुक रहा और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर रजनी पाटिल ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। करोड़ों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन जब बार-बार परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं तो उनका विश्वास पूरी व्यवस्था से उठ जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि देश के युवाओं के सपनों के साथ किया जा रहा अन्याय है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आए पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। कई मेधावी विद्यार्थी मानसिक तनाव का शिकार हुए और अनेक परिवारों ने अपने बच्चों को हमेशा के लिए खो दिया। यह किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए अत्यंत गंभीर और शर्मनाक स्थिति है।

चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश कहलाता है, लेकिन दुर्भाग्य से आज यही युवा सबसे अधिक निराश और असुरक्षित है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, सरकारी भर्तियां वर्षों तक लटकी रहती हैं और जब परीक्षाएं होती भी हैं तो पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरी व्यवस्था की विश्वसनीयता को समाप्त कर देती हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय, पारदर्शिता और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है, लेकिन वर्तमान सरकार इस बुनियादी जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने मांग की कि सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। लाखों शिक्षित युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, परिवार अपनी जीवनभर की बचत बच्चों की पढ़ाई पर खर्च कर देते हैं, लेकिन सरकार की नीतिगत विफलताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने लाखों परिवारों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। कई विद्यार्थियों ने मानसिक तनाव और निराशा में आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठाया। यह केवल आंकड़ों का विषय नहीं बल्कि उन परिवारों की असहनीय पीड़ा है जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया।

एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन सभी दिवंगत विद्यार्थियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी देशभर में युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और रोजगार के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

कैंडल मार्च के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी तथा संकल्प लिया कि देश के युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसर सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress