लाइव कैलेंडर

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

गांव इटावा एवं सेक्टर-42 की जर्जर सड़कों को लेकर पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने किया प्रदर्शन…

चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने आज गांव इटावा के बाहर स्थित मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय दुकानदारों एवं क्षेत्रवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम प्रशासन से सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई और सड़क की हालत पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि यदि चंडीगढ़ प्रशासन अपने अधीन आने वाली सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य नियमित रूप से करवा सकता है तथा उसके लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है, तो नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों के लिए धनराशि और संसाधनों की कमी का बहाना क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग जानना चाहते हैं कि नगर निगम को आखिर सड़कों के निर्माण के लिए पर्याप्त फंड क्यों उपलब्ध नहीं हो पा रहा।

उन्होंने कहा कि गांव इटावा एवं सेक्टर-42 की कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई वाहन चालक और राहगीर चोटिल हो चुके हैं तथा कई बच्चों के गिरने से उनके हाथ-पैर तक टूट चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण और मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

उन्होंने नगर निगम के महापौर एवं कमिश्नर से सवाल करते हुए कहा कि वे स्पष्ट करें कि वार्ड की इन महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण आखिर कब किया जाएगा। जब जनता नियमित रूप से हाउस टैक्स और अन्य करों का भुगतान कर रही है, तो उसे बुनियादी सुविधाओं से वंचित क्यों रखा जा रहा है।

पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरवासियों से करोड़ों रुपये का टैक्स वसूला जाता है, लेकिन यदि सड़कों, सफाई, पार्कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का रखरखाव ही नहीं किया जा सकता तो लोगों में निराशा पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न स्रोतों से अनुदान और फंड मिलने के बावजूद शहर के विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।

जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि वर्तमान नगर निगम नेतृत्व विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। न तो नियमित रूप से बैठकें हो पा रही हैं और न ही शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय समय पर लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव भी नजदीक हैं और आज शहर तथा वार्ड के लोग लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि विकास कार्य आखिर कब शुरू होंगे और शहर की तरक्की का रोडमैप क्या है। जनता जानना चाहती है कि गांव इटावा और सेक्टर-42 की टूटी सड़कों का निर्माण कब होगा, सफाई व्यवस्था में सुधार कब आएगा, पार्कों का रखरखाव कब बेहतर होगा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कब किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से साबित होता है। यदि लोगों को मूलभूत सुविधाएं ही समय पर उपलब्ध नहीं हो रही हैं, तो जनता का जवाब मांगना पूरी तरह जायज है। नगर निगम प्रशासन और वर्तमान नेतृत्व को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि शहर और वार्डों के विकास के लिए उनकी क्या योजना है तथा लंबित विकास कार्यों को पूरा करने की समयसीमा क्या है।

जसबीर सिंह बंटी ने मांग की कि गांव इटावा एवं सेक्टर-42 की जर्जर सड़कों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम चुनावों में विकास, जवाबदेही और जनसुविधाएं सबसे बड़े मुद्दे होंगे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में दुकानदार, स्थानीय निवासी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने भी सड़क निर्माण की मांग को जोरदार ढंग से उठाया।

जारीकर्ता:

जसबीर सिंह बंटी

पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद

नगर निगम, चंडीगढ़