बॉलीवुड पर टैगोर के धुनों की छाप…
मुर्छना कल्चरल सोसाइटी की ओर से 16 मई’26 को सायं 6 बजे से टैगोर थिएटर के मिनी ऑडीटोरियम में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर को उनके 165वें जन्म-दिवस पर उनके लिखे गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह कार्यक्रम ट्राई सिटी के संगीत-प्रेमियों के लिए पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की बंगाली रचनाओं से प्रेरित गीत प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन्हें बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकारों — सचिन देव बर्मन, अनिल विश्वास, हेमंत कुमार, सलिल चौधरी, रोशन, आर. डी. बर्मन, बप्पी लाहिड़ी — ने अपनी मधुर धुनों से सजाया है। इनमें से कुछ गीत — “नैन दीवाने…”, “राही मतवाले…”, “सावन की रातों में”, “तेरे-मेरे मिलन की रैना”, “मेघा छाये आधी रात”, “छूकर मेरे मन को”, जैसी रचनाएं शामिल हैं।
इस संस्था के अध्यक्ष डॉ. वी-पी. नागपाल एवं महासचिव सुचेता मुखोपाध्याय ने बताया कि इस कार्यक्रम में 30 सुप्रसिद्ध गायक और 8 नृत्य कलाकार भाग ले रहे हैं तथा वाद्य संगीत का संयोजन अरुण कांत एवं दीपाकर दास का रहेगा। सभी श्रोताओं से समय पर पहुंचने की अपील की गई है। कार्यक्रम की अवधि लगभग दो घण्टे की है। प्रवेश निःशुल्क है।


