कुरुक्षेत्र में ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (सीजन-1, नॉर्थ ज़ोन) का भव्य शुभारंभ, आकाश चोपड़ा रहे मुख्य अतिथि…..
कुरुक्षेत्र : क्रिकेट प्रेमियों के लिए कुरुक्षेत्र में एक खास आयोजन की शुरुआत हुई, जब ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (सीजन-1, नॉर्थ ज़ोन) का ग्रैंड लॉन्च समारोह वेटा होटल, जी.टी. रोड, उमरी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ गाबा (चेयरमैन), रवि कुमार गाबा, विनय कम्बोज और हरिपुर (यमुनानगर) द्वारा किया गया।
इस लीग का आयोजन 16 जून से 21 जून के बीच समाना बाहु (कुरुक्षेत्र) में किया जाएगा, जिसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजकों का लक्ष्य इस प्रतियोगिता को नॉर्थ ज़ोन की एक प्रमुख टेनिस क्रिकेट लीग के रूप में स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान लीग के पोस्टर और जर्सी का अनावरण किया गया। इसके बाद आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए लीग के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने कहा, “अगर किसी खिलाड़ी में हुनर है तो उसे मंच जरूर मिलना चाहिए। आज टेनिस क्रिकेट के प्रति जो जुनून और क्रेज देखने को मिल रहा है, वह काबिल-ए-तारीफ है। यह लीग कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सपनों को साकार करेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “क्रिकेट देश के दिलों में बसा है और इस तरह की लीग ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर देती हैं। युवाओं को खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखना चाहिए।”
लीग के चेयरमैन सोमनाथ गाबा ने बताया कि यह प्रतियोगिता टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है और टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जबकि इसका संचालन अल्टीमेट इवेंट मेकर्स एलएलपी द्वारा किया जाएगा। लीग में कुल 12 टीमें भाग लेंगी, जिनमें प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होंगे तथा एक खिलाड़ी की आयु 35 वर्ष से अधिक हो सकती है।
वहीं, लीग के फाउंडर रवि कुमार गाबा ने कहा, “इस लीग का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करना और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह को बढ़ाना है।” उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया 15 अप्रैल से राजस्थान में शुरू होगी।
समारोह के अंत में आकाश चोपड़ा ने रोहित चंडीगढ़िया, आशु (यमुनानगर), अमन मांझी, डैनी मांडी और प्रिंस कंबोज को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। यह आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


