सेवा संकल्प अभियान को लेकर युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक….
रोहतक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा की गतिविधियां तेज हो गई हैं। अभियान के तहत देशभर में सेवा, सामाजिक सरोकार और युवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही बाइक रैली के हरियाणा आगमन को लेकर रोहतक में युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रैली के हरियाणा में प्रवेश, युवाओं द्वारा स्वागत, कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं को सौंपी जाने वाली जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश छाबड़ा, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ बाइक रैली के स्वागत और आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 27 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक रैली के हरियाणा में प्रवेश के दौरान युवा मोर्चा द्वारा भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। रैली के हरियाणा आगमन से लेकर आगे के कार्यक्रमों तक अलग-अलग कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। साथ ही स्वागत स्थल, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया जा रहा है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।


