एसआईआर में वोटों की भारी कमी पर कांग्रेस ने जताई चिंता, नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज…..
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजीव गांधी भवन, सेक्टर-35 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में पांचों जिला कांग्रेस अध्यक्षों तथा सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। इसके साथ ही चंडीगढ़ में चल रही एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में सामने आए आंकड़ों पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर और प्री-एसआईआर प्रक्रिया के बाद चंडीगढ़ में मतदाताओं की संख्या लगभग 6.59 लाख से घटकर करीब 3.02 लाख रह गई है, जबकि लगभग 1.25 लाख लोगों को विभिन्न प्रकार के नोटिस जारी किए गए हैं। कांग्रेस ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित होना बेहद गंभीर विषय है और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार समाप्त न हो।
हर नोटिस का जवाब दिलवाने के लिए मैदान में उतरेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
बैठक में सभी जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलए की मदद से बीएलओ के साथ लगातार संपर्क स्थापित करें और जिन मतदाताओं को नोटिस जारी हुए हैं, उन्हें पूरी सहायता उपलब्ध कराएं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कहा गया कि वे मतदाताओं की आपत्तियों और दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं को दूर करवाने में मदद करें तथा पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में दोबारा शामिल करवाने के लिए हर संभव प्रयास करें।
साथ ही, नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने का अभियान भी समानांतर रूप से चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चंडीगढ़ का कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
रजनी पाटिल ने कहा—कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहें
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी की चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस आगामी चुनाव में अधिक से अधिक सीटें जीतकर नगर निगम में अपना मेयर बनाएगी।
उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची की प्रक्रिया पर नजर रखने और आम लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
एच.एस. लक्की बोले—भाजपा के 10 में से 9 मेयर रहे, फिर भी चंडीगढ़ की हालत बद से बदतर
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस और सांसद मनीष तिवारी लगातार चंडीगढ़ से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में शानदार प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा, “भाजपा के पिछले 10 मेयरों में से 9 मेयर भाजपा के रहे हैं। इसके बावजूद आज चंडीगढ़ की सड़कों, पार्कों, पार्किंग व्यवस्था और बुनियादी नागरिक सुविधाओं की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जनता भाजपा के कुशासन से परेशान है और अब बदलाव चाहती है।”
लक्की ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं बल्कि हर बूथ को मजबूत करना, हर पात्र मतदाता का वोट सुनिश्चित करना और जनता के मुद्दों को चुनाव के केंद्र में लाना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पात्र व्यक्ति के नाम से संबंधित समस्या को दूर करवाने में उनकी सहायता करेंगे।
मनीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा—हर मतदाता की मदद करना प्राथमिकता
सांसद मनीष तिवारी ने सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों की मदद करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन लोगों को एसआईआर के दौरान नोटिस मिले हैं, उन्हें नोटिस का जवाब देने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा उनकी आपत्तियों का समाधान करवाने में हर संभव सहायता दी जाए।
उन्होंने कहा कि नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, ताकि कोई भी नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर न रह जाए।
मनीष तिवारी ने कहा कि वे संसद के अंदर चंडीगढ़ से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को पूरी शिद्दत के साथ उठा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर मजबूती से उठाएं, ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।
एसआईआर सहायता कैंप लगाएगी कांग्रेस
बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव अच्छेलाल गौड़ ने कहा कि जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर सहायता कैंप लगवाने हैं, वे अपने नाम पार्टी को उपलब्ध करवाएं। ऐसे क्षेत्रों में सांसद मनीष तिवारी और कांग्रेस पार्टी की ओर से सहायता कैंप लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को वोट से संबंधित आपत्तियों, नोटिस और नए वोट बनवाने की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान में पूरी गंभीरता से जुटेगा और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि कोई भी पात्र नागरिक प्रशासनिक प्रक्रिया, जानकारी के अभाव या दस्तावेजी परेशानी के कारण अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
बैठक में नगर निगम चुनावों की तैयारियों को बूथ स्तर तक तेज करने, संगठन को मजबूत करने तथा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आम जनता की सहायता के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे पहली सीढ़ी मताधिकार है और पात्र नागरिक के वोट की रक्षा करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


