लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

एमपी फंड से गांव इटावा में लगे सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत….

गांव इटावा में माननीय सांसद श्री मनीष तिवारी जी के एमपीएलएडी (MPLADS) फंड से गांव की गलियों, चौकों एवं प्रमुख मार्गों पर स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों का आज उद्घाटन किया गया। कैमरों की स्थापना से गांववासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

अपने संबोधन में सांसद श्री मनीष तिवारी ने गांववासियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान उन्होंने चंडीगढ़ और क्षेत्र की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े 122 से अधिक मुद्दे लोकसभा में उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और वे आगे भी इसी प्रकार जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे।

श्री तिवारी ने हाल ही में श्री कुमार मेडिकोज पर हुई फायरिंग की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने माननीय प्रशासक एवं संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसके उपरांत चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष श्री एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर श्री जसबीर सिंह बंटी एक जुझारू, कर्मठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि हैं, जो हर समय क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि गांव इटावा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और आने वाले समय में भी विकास की यह रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर सहयोग करें।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण लोगों में चिंता का माहौल था। अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे चोरी, तोड़फोड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं की जांच में सहायता मिलेगी तथा दोषियों की पहचान करना आसान होगा।

इस अवसर पर समाजसेवी श्री तरलोचन सिंह बंटी ने कहा कि क्षेत्र के पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर श्री जसबीर सिंह बंटी के नेतृत्व में गांव इटावा का निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गांव में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप इटावा आज एक आधुनिक और विकसित गांव के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सीसीटीवी कैमरों की स्थापना भी इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-36 के प्रधान श्री परमजीत सिंह एवं श्री अरुण अग्रवाल ने अपने क्षेत्र में भी एमपी फंड से सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा। वहीं सेक्टर-42 के प्रतिनिधि श्री राजकुमार शर्मा ने भी अपने क्षेत्र में इसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने सांसद श्री मनीष तिवारी एवं पार्षद श्री जसबीर सिंह बंटी का गांव की सुरक्षा और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों हेतु आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व डिप्टी मेयर श्री तरुण मेहता, श्री दिलावर सिंह, श्री यादविंदर मेहता, श्री राजकुमार शर्मा, श्री तरलोचन सिंह बंटी, श्री मलकीत सिंह, श्री कुलबीर सिंह, श्री प्यार सिंह, श्री पवन सिंह, श्री बलजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पर गांववासियों को बधाई दी।

ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से न केवल सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि लोगों में विश्वास और सुरक्षित वातावरण की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।