आप पार्टी के एमएलए गोल्डी मुसाफ़िर की शह पर मचाया आंतक : करोड़ों रुपए की फसलें लूटने का आरोप….
चण्डीगढ़ : जिला फाजिल्का के बलुआना हल्के में एक जमींदार परिवार स्थानीय आम आदमी पार्टी के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफ़िर के गुर्गों के आतंक से त्रस्त है। पिछले सवा साल में गोल्डी के गुंडातत्व साथियों के सहयोग से इस परिवार के साथ कथित तौर पर धक्का करके करोड़ों रुपए की कनक, चावल और किन्नू की फसलें लूट ली। पीड़ित परिवार की सदस्य कांता ज्यानी ने आज चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित करके ये आरोप लगाए।
बलुआना हल्के में पड़ते गांव कुलार की निवासी कांता ज्यानी ने अपनी व्यथा का मीडिया के समक्ष खुलासा करते हुए बताया कि पिछले वर्ष गोल्डी की वक्र दृष्टि उनकी अच्छी-खासी फसलों पर पड़ गई व इन्हें हड़प करने के लिए उसने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए एक नायाब नुस्ख़ा निकाला।
इसके तहत पिछले वर्ष 25 अप्रैल की शाम को अपने गुंडातत्व साथियों मिंकू कुंडल, दर्शन सोहल व सुनील डंगरखेड़ा आदि उनके खेतों में आया और हथियार दिखाकर उनके मजदूरों को धमकाया। इस पर मजदूरों ने कांता ज्यानी को मौके पर बुला लिया। कांता ज्यानी ने वहां पहुंच कर अपने खेत मज़दूरों की पूरी बात सुनकर पुलिस को बुला लिया व शिकायत की। परन्तु कांता ज्यानी को तब ताजुब्ब हुआ जब संबंधित थाने के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने उल्टा उनको ही थाने बुला कर उनपर ही मारपीट करने एवं रास्ता रोकने का पर्चा दे दिया व हिरासत में ले लिया। इस पर उन्होंने हाथ-पैर जोड़ कर अपने वकील से संपर्क करने की बात कह कर थोड़ा समय देने का अनुरोध किया। हिरासत से बाहर आते ही वे जमानत लेने की जुगत में लग गए। परन्तु इस बीच ही में उनकी ग़ैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए गोल्डी ने खेत में उनकी लगभग 15 लाख रूपए की फसल हड़प ली। मजदूरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। इस पर जब पीड़ित परिवार ने इस धक्केशाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की, तो ये भी नहीं होने दिया गया।
इस अनूठे नुस्खे की कामयाबी देखकर गोल्डी के हौंसले खुल गए व उसने अपने प्रभाव का खुल्लमखुल्ला इस्तेमाल करते हुए लगातार इस दिनदिहाड़े वाली डकैती को बारम्बार इस्तेमाल करना शुरू कर दिया तथा और पिछले वर्ष 5 नवंबर को सेम फार्मूला प्रयोग करके इस परिवार पर मार-कुटाई का पर्चा दर्ज करवा कर इन्हें जमानत होने तक भूमिगत होने के लिए मजबूर कर दिया व इनकी लगभग 20 लाख रुपए कीमत के चावलों की फसल भी लूट ली।
इसके कुछ ही दिन बाद फिर से इसी तरीके का इस्तेमाल करके किन्नू की फसल भी ले ली। पहले लगभग डेढ़ करोड़ रुपए व फिर लगभग 20 लाख रुपए के किन्नू की फसल लूट ली गई। इसके बाद इस साल फिर से कनक की फसल पकने पर गोल्डी ने वही हरकत दोहराई और इस बार एक बार फिर से लगभग 20 लाख रुपए कीमत की फसल से ज्यानी परिवार को हाथ धोना पड़ा।
इस सारे प्रकरण में चौंकाने वाली बात ये रही कि ज्यानी परिवार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से अपनी जमीन पर ट्रेस पासिंग के खिलाफ स्टे भी हासिल कर लिया हुआ था, परन्तु स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने उनकी एक न सुनी व कोर्ट के आदेशों तक को भी धत्ता बता दिया। यहां तक कि गोल्डी के बदमाशों ने उनके खेतों में पानी की सप्लाई भी बाधित कर दी जिससे लगभग सवा करोड़ रुपए की फसल भी बर्बाद हो गई। साथ ही वे लोग उनके खेतों से खेतीबाड़ी में काम आने वाली कई कीमती मशीनें भी उठा ले गए। इसके अलावा हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिए थे कि ज्याणी परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए, परन्तु पुलिस को भी अदालत के आदेशों की कोई परवाह नहीं है।
कांता ज्यानी ने बताया कि उनके पक्ष में गांव की पंचायत भी हुई थी जिसमें गांव की सारी जनता भी उनके साथ थी। परन्तु उसी समय गोल्डी के 25-30 मुस्टंडे भी वहां आ धमके और सरेआम कई राउंड फायरिंग की जिससे सभी सहम गए। इस गोलीबारी में दो लोग घायल भी हुए। उन्हें इलाज़ के लिए अस्पताल ले जाया गया, परन्तु वहां भी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज़ नहीं की। इसके अलावा वे पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी से भी फरवरी महीने में चण्डीगढ़ में मिले थे, परन्तु उनकी तरफ से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि अब वे सब तरफ से थक-हार कर मीडिया की शरण में अपनी गुहार लेकर आए हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री एवं आप पार्टी प्रधान से लेकर पार्टी के सुप्रीमो तक को अपील की है कि अपने इस विधायक के कारनामों पर लगाम लगाएं नहीं तो आने वाले चुनावों में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा ।
एमएलए गोल्डी मुसाफ़िर का नंबर : 9501025445
कांता ज्यानी : 80944 30000


