लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

शहीदों की श्रद्धांजलि के लिए कम्युनिटी सेंटर निशुल्क देने की मांग, आम आदमी पार्टी पार्षदों ने जनता से जुड़े मुद्दे उठाए….

चंडीगढ़ नगर निगम की हाउस मीटिंग में आज आम आदमी पार्टी की पार्षद अंजू कत्थ्याल ने एक भावनात्मक और जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि चंडीगढ़ के सभी कम्युनिटी सेंटर शहीदों की स्मृति में होने वाले कार्यक्रमों व DBT कार्ड आदि से जुड़े आयोजनों के लिए शहीद परिवारों को नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से शहीद अतुल शर्मा का मामला उठाया, जो सेक्टर 32-A चंडीगढ़ के निवासी थे और 15 नवंबर 2000 को जम्मू-कश्मीर में देश सेवा करते हुए शहीद हुए थे। उनकी मां सुधेश शर्मा पिछले एक महीने से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिल पा रही है। अंजू कत्थ्याल ने भावुक होकर सवाल उठाया कि अब एक शहीद की माँ आखिर किससे गुहार लगाए?

पार्षद योगेश धींगरा ने कम्युनिटी सेंटर के रेट्स बढ़ाने का विरोध करते हुए कहा कि पहले से ही हर साल 10% बढ़ोतरी तय है, फिर अतिरिक्त बढ़ोतरी का औचित्य क्या है? उन्होंने मांग की कि गरीब लड़कियों की शादियों के लिए कम्युनिटी सेंटर की फ्री बुकिंग व्यवस्था जारी रखी जाए।

पार्षद रामचंदर यादव ने कहा कि बुकिंग सिस्टम में गड़बड़ी नगर निगम के कर्मचारियों के कारण हुई है, इसकी सजा जनता को नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने तुरंत बुकिंग बहाल करने की मांग की।

पार्षद सुमन ने मानिमाजरा क्षेत्र की जल समस्या उठाई और कहा कि 4 अगस्त 2024 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उद्घाटन किए गए 75 करोड़ के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के बावजूद मानिमाजरा के लोग अब भी पीने के पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है।

पार्षद जसविंदर कौर ने कहा कि जब गाँवों की पंचायतों के अधीन जो सरकारी दुकानें थीं, वे नगर निगम के अधीन आईं, तब से अब तक उनका किराया मात्र ₹800 प्रति माह है। जबकि इन दुकानों को कुछ लोगों ने आगे ₹15,000 प्रति माह तक के ऊँचे किरायों पर चढ़ा दिया है। यह स्पष्ट रूप से न्यायसंगत नहीं है और नगर निगम को राजस्व की भारी हानि हो रही है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि या तो इन दुकानों के टेंडर/बोली प्रक्रिया के माध्यम से पुनः आवंटन किया जाए या किरायों की समीक्षा कर उन्हें वर्तमान बाजार दर के अनुरूप तय किया जाए, ताकि निगम की आय बढ़े और अनधिकृत कमाई पर रोक लगे। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों को तत्काल हटाया जाए और सीवरेज सिस्टम की साफ-सफाई नियमित रूप से करवाई जाए।

आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों ने एकजुट होकर स्पष्ट किया कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी ताकत के साथ सदन में उठाती रहेगी।

जारी करता है:

विक्रांत ए. तनवर

राज्य मीडिया प्रभारी, आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़