पंचकुला की एथलीट राखी शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर ट्राईसिटी को गौरवान्वित किया….
पंचकुला, 20 फरवरी 2024: ट्राइसिटी की जानी-मानी एथलीट राखी शर्मा (42), जो कि पंचकुला की रहने वाली हैं, ने 44वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर ट्राइसिटी को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। राखी शर्मा ने बताया कि यह चैम्पियनशिप पूना में मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देश के 28 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। राखी ने बताया कि उन्होंने 1500 मीटर की रेस में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि वे गोल्ड मेडल प्राप्त कर गौरन्वित महसूस कर रही हैं तथा उनके कोच अरविंद कुमार ने उनका प्रशिक्षिण के दौरान मनोबल बढ़ाया है जिनकी वे सदा अभारी हैं।

बता दें कि बीते वर्ष राखी शर्मा ने फिलिपींस में संपन्न द्विवार्षिक एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (एएमएसी) में 800 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इससे पहले राखी बीते वर्ष मलेशिया के कुचिंग, सारावाक में ओपन इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में दो गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने 2023 में चेन्नई नेशनल में रजत पदक जीता। उन्होंने 2017 में प्रयागराज में नेशनल में तीन स्वर्ण पदक भी जीते। और तो और, उन्होंने गुंटूर नेशनल में दो रजत पदक और मणिपुर नेशनल में भी एक रजत पदक जीता।


