चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026: समाजवादी पार्टी जल्द जारी करेगी प्रत्याशियों की पहली सूची…..
चंडीगढ़: आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 के लिए समाजवादी पार्टी (चंडीगढ़ इकाई) ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार और चंडीगढ़ इकाई की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद समाजवादी पार्टी बहुत जल्द अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने जा रही है।
समाजवादी पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कल से शुरू हो रही नामांकन प्रक्रिया (26 नवंबर से 3 दिसंबर) को ध्यान में रखते हुए पहली सूची के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगा दी गई है।
मुख्य बिंदु:
चयन का आधार: पहली सूची में ईमानदार, शिक्षित और ज़मीन से जुड़े मेहनती कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है, जो लंबे समय से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व: टिकट वितरण में सामाजिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करते हुए युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को उचित भागीदारी दी गई है।
चुनावी मुद्दे: पार्टी शहर में बढ़ते प्रॉपर्टी टैक्स, महंगी पानी की दरों, कॉलोनियों व गांवों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव, सफाई व्यवस्था और नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ चुनाव लड़ेगी।
समाजवादी पार्टी चंडीगढ़ इकाई ने शहरवासियों से अपील की है कि 23 दिसंबर को होने वाले मतदान में ‘साइकिल’ के चुनाव चिन्ह पर बटन दबाकर शहर के समग्र विकास और जनहितैषी प्रशासन के लिए पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।
जारीकर्ता:
मीडिया प्रकोष्ठ
समाजवादी पार्टी, चंडीगढ़


