सेक्टर 18-सी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ पावन तुलसी विवाह उत्सव…..
चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026: सेक्टर 18-सी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में शनिवार, 21 नवंबर को पावन तुलसी विवाह उत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंदिर के अध्यक्ष एस. एल. गोयल ने बताया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन में शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान श्री राधा कृष्ण व माता तुलसी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उत्सव का शुभारंभ दोपहर 3:00 बजे सेक्टर 22-सी निवासी श्री विजय शर्मा एवं श्रीमती पूनम शर्मा परिवार के सौजन्य से भव्य बारात प्रस्थान के साथ हुआ। बैंड-बाजों के साथ सुसज्जित रथ पर विराजमान ठाकुर जी की शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शाम 5:30 बजे बारात के मंदिर प्रांगण पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं जलपान की व्यवस्था की गई। इसके उपरांत शाम 6:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ठाकुर जी और माता तुलसी के फेरे व कन्यादान की रस्म अदा की गई। वधू पक्ष की ओर से कन्यादान का सौभाग्य सेक्टर 18 निवासी श्री हरीश सिंगला एवं श्रीमती रीना सिंगला परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा।
कार्यक्रम के अंत में रात 9:00 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री राधा कृष्ण मंदिर के अध्यक्ष और कमेटी के पदाधिकारियों ने उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी यजमान परिवारों, सेवादारों और उपस्थित श्रद्धालुओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
जारीकर्ता:
श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी
सेक्टर 18-सी, चंडीगढ़


