इनर व्हील क्लब ने स्कूली बच्चों को सिखाए पर्यावरण संरक्षण के गुर, वेस्ट मटेरियल से बनाए आकर्षक बैग और प्लांटर्स….
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को बढ़ावा देते हुए ‘इनर व्हील क्लब चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल’ द्वारा आज गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 21-A, चंडीगढ़ में एक विशेष कौशल विकास और पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अनूठे प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य बच्चों को वेस्ट मटेरियल (अपशिष्ट पदार्थों) का सदुपयोग करना और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपना योगदान देना सिखाना था।
यह पूरा प्रोजेक्ट जोन प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अनिता मिड्डा और स्कूल की प्रिंसिपल सुखपाल कौर की गरिमामयी देखरेख में बेहद सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यशाला के दौरान क्लब की सेक्रेटरी कुलविंदर कौर और सतिंदर ने मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने बहुत ही सरल और रचनात्मक तरीके से स्कूली बच्चों को वेस्ट पेपर (रद्दी कागज) का इस्तेमाल करके खूबसूरत गिफ्ट बैग, शगन बैग और रिटर्न गिफ्ट बैग बनाना सिखाया। इसके साथ ही, बच्चों को मिट्टी के कुल्हड़ों को पेंट व डेकोरेट (सजावट) करके उनमें पौधे लगाना और अन्य वेस्ट मटेरियल से आकर्षक कैरी बैग तैयार करना भी सिखाया गया। बच्चे इस क्रिएटिव एक्टिविटी को सीखकर बेहद उत्साहित और खुश नजर आए।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सुखपाल कौर ने इनर व्हील क्लब के इस सराहनीय प्रयास की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरित किया और क्लब के सदस्यों को पौधे भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उत्साही बच्चों के बीच रिफ्रेशमेंट (अल्पाहार) वितरित की गई। क्लब के अनिता मिड्डा ने विश्वास जताया कि इस तरह के जमीनी प्रयासों से आने वाली पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी।


