स्पोर्ट्स प्रोमोशन सोसाइटी, पंचकूला द्वारा 15 नवंबर को बरवाला में “सर्कल कबड्डी” टूर्नामेंट — विजेता टीम को ₹2 लाख का इनाम…..
पंचकूला। स्पोर्ट्स प्रोमोशन सोसाइटी, पंचकूला की कार्यकारिणी (Executive Committee) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सोसाइटी के चेयरमैन एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता जी ने बताया कि आगामी 15 नवंबर को पंचकूला के गाँव बरवाला में सर्कल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा, जो इस क्षेत्र में पहली बार हो रहा है।
श्री गुप्ता जी ने बताया कि टूर्नामेंट में विजेता टीम को ₹2 लाख, उपविजेता (फर्स्ट रनर-अप) टीम को ₹1 लाख तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹51,000 की इनामी राशि सोसाइटी की ओर से प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट पूरे हरियाणा एवं चंडीगढ़ की टीमों के बीच खेला जाएगा तथा इसका प्रवेश शुल्क ₹500 निर्धारित किया गया है। सभी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए अपना आधार कार्ड एवं पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
श्री ज्ञान चंद गुप्ता जी ने सभी कबड्डी प्रेमियों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और कबड्डी के इस रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद उठाएँ।
अधिक जानकारी हेतु संपर्क: स्पोर्ट्स प्रोमोशन सोसाइटी, पंचकूला


