गढ़वाल भ्रातृ मण्डल की रामलीला में माता शबरी और श्री राम के भावपूर्ण मिलन ने दर्शकों को किया भावविभोर…..
गढ़वाल भ्रातृ मण्डल (रजि.) रामलीला एवं दशहरा कमेटी, सेक्टर 7, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित किए जा रहे 50वें रामलीला महोत्सव में आज आधुनिकता और हाई-टेक्नोलॉजी के अद्भुत संगम के बीच रामायण के सबसे भावुक प्रसंगों का मंचन का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राकेश बलोनि के करकमलों से किया गया। सेक्टर 7-बी स्थित सी.पी.डब्ल्यू.डी रामलीला मैदान में चल रहे इस भव्य महोत्सव के दौरान आज जैसे ही मंच पर माता शबरी और भगवान श्री राम-लक्ष्मण का प्रसंग शुरू हुआ, पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया।
आज के मंचन की शुरुआत सर्वप्रथम माता शबरी और राम-लक्ष्मण संवाद से हुई। हाई-टेक लाइट-साउंड इफ़ेक्ट्स और कलाकारों के जीवंत अभिनय ने इस दृश्य को इतना मार्मिक बना दिया कि वहाँ मौजूद दर्शक भावुक हो उठे और मंत्रमुग्ध होकर प्रभु राम व शबरी की भक्ति में लीन हो गए। माता शबरी द्वारा वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अपने आराध्य को चख-चखकर मीठे बेर खिलाने और श्री राम द्वारा उनकी सच्ची भक्ति को स्वीकार करने के दृश्य ने हर किसी का दिल छू लिया।
इस अवसर पर
गढ़वाल भ्रातृ मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रामलीला की स्वर्ण जयंती (50वें वर्ष) के उपलक्ष्य में विजयदशमी (दशहरा) का पावन पर्व भी बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य आयोजन 20 अक्टूबर को दोपहर 3:00 बजे से रात 7:00 बजे तक इसी सी.पी.डब्ल्यू.डी रामलीला मैदान, सेक्टर 7 में होगा, जिसके लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। कमेटी ने शहरवासियों से इस पावन पर्व समय पर आने की अपील की है।


