आकर्षण का केंद्र बना विशालकाय टाइटैनिक जहाज का मॉडल….
चंडीगढ़:- ट्राईसिटी और आसपास क्षेत्र के निवासियों के लिए मनोरंजन और कला का एक अनूठा संगम लेकर ‘टाइटैनिक शिप कार्निवाल’ की शुरुआत हो चुकी है। इतिहास के सबसे प्रसिद्ध समुद्री जहाज ‘टाइटैनिक’ की थीम पर आधारित यह मेला इस समय पूरे ट्राईसिटी में आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। अपैक्स इंटरनेशनल और समारा ग्रुप के आपसी सहयोग से आयोजित यह कार्निवाल सेक्टर 34 के एग्जीबिशन ग्राउंड में चल रहा है।
टाइटैनिक शिप कार्निवाल’ के बारे में जानकारी देते हुए अपैक्स इंटरनेशनल और समारा ग्रुप के प्रबंधकों ने बताया कि कार्निवाल का मुख्य आकर्षण विशालकाय टाइटैनिक रेप्लिका है, यानि टाइटैनिक जहाज का एक विशाल और हूबहू दिखने वाला मॉडल (प्रतिकृति) है। लोग इसके सामने खड़े होकर यादगार तस्वीरें और सेल्फी ले सकते है। साउथ के 100 कारीगरों द्वारा लगभग 25 दिनों में तैयार इस 250 फ़ीट लंबे और 45 फ़ीट ऊंचे टाइटैनिक जहाज को कार्निवाल के प्रवेश द्वार और आंतरिक हिस्सों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि विज़िटर्स को 1912 के ऐतिहासिक टाइटैनिक काल का जीवंत अहसास हो सके।
प्रबंधकों ने बताया कि टिकट लेकर शिप के प्रवेश द्वार से एंटर होने के बाद अंदर कॉरिडोर में बिछे हुए मखमली कालीन पर चलते हुए लोगों को शिप में होने का ही एहसास होता है। प्रवेश द्वार से अंदर पहुंचने पर एक सेल्फी पॉइंट तैयार किया गया है। जिसमे आकर्षक सोफासेट और झूमर लगाए गए और 50’×30′ के सेल्फी जोन की दीवारों पर टाइटैनिक शिप के किरदारों की तस्वीरों को लगाया गया। जिनके आगे विज़िटर्स खड़े होकर सेल्फी ले सकते हैं। वहीं शिप के ऊपर डेक को भी तैयार किया गया, जिसपर जाकर भी विज़िटर्स सेल्फी या यादगारी तस्वीरे ले सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि मनोरंजन के लिए बच्चों और वयस्कों के लिए विभिन्न प्रकार के आधुनिक और रोमांचक झूले उपलब्ध हैं। इसके साथ साथ मेले में लजीज व्यंजनों के फूड स्टॉल्स और हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) की खरीदारी के लिए विशेष बाजार सजाया गया है। मेले में 70 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं। यहाँ पर मेले में आने वाले लोग अपनी जरूरत अनुसार अपने उपयोग की वस्तुएं खरीद सकते हैं।
नवरात्रि के पावन अवसर पर लोगों के डांडिया का भी आयोजन किया जा रहा है।
मेले के मुख्य आयोजक ने मीडिया से बातचीत करते हुए आगे कहा, कि हमारा उद्देश्य शहरवासियों को एक ऐसा पारिवारिक माहौल देना है जहां वे मनोरंजन के साथ-साथ इतिहास के एक मशहूर पन्ने को करीब से महसूस कर सकें। टाइटैनिक थीम को लोगों द्वारा बेहद पसंद किया जा रहा है और हर उम्र के लोग यहाँ का आनंद ले रहे हैं।


