लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

बापूधाम में कांग्रेस की विशाल जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, नगर निगम चुनाव का बजा बिगुल…..

वार्ड नंबर 03 स्थित बापूधाम कॉलोनी में कल शाम आयोजित कांग्रेस की विशाल जनसभा में हजारों की संख्या में स्थानीय निवासियों की भागीदारी ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग दे दिया। जनसभा में चंडीगढ़ के सांसद श्री मनीष तिवारी और चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की (एच.एस. लक्की) विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस विशाल जनसभा का आयोजन येंकी कालिया और मीनू कालिया के साथ मिलकर किया। सभा में बापूधाम के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए अपनी स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और आगामी नगर निगम चुनाव में अपने मुद्दों को केंद्र में रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सभा में मालिकाना हक, मकानों से जुड़े अधिकार, पानी, सीवरेज, सड़कें, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे।

“बापूधाम के लोगों को सिर्फ आश्वासन नहीं, उनके अधिकार चाहिए” — मनीष तिवारी

सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि बापूधाम के हजारों परिवार वर्षों से चंडीगढ़ के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनकी अनेक बुनियादी समस्याएं आज भी समाधान की प्रतीक्षा कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मालिकाना हक का सवाल केवल जमीन या मकान का सवाल नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। प्रशासन को इस मामले में स्पष्ट नीति बनाकर लोगों की वर्षों पुरानी चिंता का समाधान करना चाहिए।

तिवारी ने कहा कि बापूधाम के लोगों की आवाज को दबाया या नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जनता की समस्याओं को उचित मंचों पर उठाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ का विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब शहर के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक कॉलोनी के लोगों को सम्मानजनक जीवन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

“बापूधाम अब सिर्फ वोट बैंक नहीं, अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाला मजबूत नागरिक समाज है” — एच.एस. लक्की

चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बापूधाम के लोगों ने वर्षों से अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर अपने परिवारों को संभाला है, लेकिन आज भी उन्हें अपने घरों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक सवालों के जवाब का इंतजार है।

उन्होंने कहा:

“बापूधाम के लोगों को चुनाव के समय याद करने की राजनीति अब नहीं चलेगी। यहां रहने वाले परिवारों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि उनके अधिकारों का सम्मान और समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। मालिकाना हक का मुद्दा हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा है और कांग्रेस इस आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।”

एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस बापूधाम की समस्याओं को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर छोड़ने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि मालिकाना हक, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन हर परिवार का अधिकार है और इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार जनता के बीच रहेगी।

उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में स्थानीय मुद्दे सबसे महत्वपूर्ण होंगे और कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को समझेंगे तथा उन्हें नगर निगम और प्रशासन के सामने मजबूती से उठाएंगे।

भाजपा छोड़कर कई लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा

जनसभा के दौरान भाजपा छोड़कर कई स्थानीय लोगों ने सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में मीनू , मिठानी , जीतू , आनंद , देवी प्रकाश , शंकर , सुनीता , श्रवण , अजय , मुन्ना, ओम प्रकाश , कैलाश सहित अन्य लोग शामिल रहे।

नए साथियों का स्वागत करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस का परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न वर्गों के लोग कांग्रेस के साथ जुड़कर जनहित के मुद्दों की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर राजीव मौदगिल, अजय शर्मा सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जनसभा को सफल बनाने में मंदीप , श्रवण कालिया , पन्नू , साहब सिंह , सोनू मेहरा , मंजीत , सुमित , महताब , जावेद , विपिन और जय सिंह सहित कांग्रेस परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभा के दौरान स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और बापूधाम के प्रत्येक परिवार से संपर्क स्थापित करने का संकल्प लिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बापूधाम सहित चंडीगढ़ की विभिन्न कॉलोनियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को आगामी नगर निगम चुनाव में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

विशाल जनसभा में उमड़ी भीड़ और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी के बीच कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों, अधिकारों और स्थानीय समस्याओं को केंद्र में रखकर ही नगर निगम चुनाव की लड़ाई लड़ी जाएगी।

सभा का समापन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के साथ आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने के संकल्प के साथ हुआ।