सेक्टर-18 में सुरक्षा को लेकर आर डब्ल्यू ए सेक्टर 18 की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक….
चंडीगढ़:– सेक्टर-18 के कम्युनिटी सेंटर में शनिवार, 19 सितंबर को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं नागरिकों की समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में डी एस पी-ईस्ट पी अभिनंदन और सेक्टर 19 थाना प्रभारी सरिता रॉय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आर डब्ल्यू ए सेक्टर 18 के पदाधिकारी हरमन मेहता के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आर डब्ल्यू ए- सेक्टर 18 ए एवं बी के प्रेसिडेंट डॉ. रजनीश शर्मा और पदाधिकारी संध्या धर्म, संध्या धाम और आर डब्ल्यू ए- सेक्टर 18 डी के प्रेसिडेंट हरमेल सिंह और पदाधिकारी हरिंदर भट्टी सहित एरिया पार्षद अनूप गुप्ता और सुमिता कोहली व अन्य भी उपस्थित थे।
बैठक का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं, भय एवं असुरक्षा की भावना को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखना तथा सेक्टर में संभावित सुरक्षा खतरों पर चर्चा करना था। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदमों तथा पुलिस गश्त सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
स्थानीय काउंसलर अनूप गुप्ता ने भी बैठक में शामिल होकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी रही कि साइबर क्राइम सेल के विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। विशेषज्ञ साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी तथा साइबर अपराध होने की स्थिति में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में भी बताया।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और सुचेत रहने के प्रति दिये गए सुझावों और दिशा निर्देशों पर गंभीरता से अमल करें।


