भारत विकास परिषद की ‘प्रोफेशनल्स शाखा’ का भव्य शुभारंभ;सीए प्रमोद वत्स बने अध्यक्ष….
चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026: भारत विकास परिषद (भाविप), चंडीगढ़ प्रांत की 39वीं शाखा के रूप में ‘भारत विकास परिषद प्रोफेशनल्स शाखा, चंडीगढ़’ का भव्य शुभारंभ किया गया। सेक्टर-22बी स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में शहर के बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CAs) और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नामी प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया।समारोह के दौरान केंद्रीय कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक चार्टर प्रदान कर नई शाखा का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर सर्वसम्मति और निर्विरोध चुनी गई कार्यकारिणी को दायित्व सौंपे गए, जिसमें सीए प्रमोद वत्स को अध्यक्ष (प्रेसिडेंट), सीए विशाल ठाकुर को सचिव (सेक्रेटरी) और अभिजीत विद्यार्थी को कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) नियुक्त किया गया। मुख्य अतिथियों व वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम और सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प करवाया।इस भव्य समारोह में भारत विकास परिषद के कई वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनमें क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल, क्षेत्रीय महासचिव पंकज जिंदल, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव राकेश कुमार दत्ता, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अजय दत्ता, क्षेत्रीय संगठन सचिव सुनील, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. एम. के. विरमानी, प्रांत महासचिव मंजीत सिंह और प्रांत कोष सचिव जसपिंदर कौर शामिल थे। सभी वरिष्ठों ने नई शाखा के गठन पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह शाखा प्रोफेशनल्स की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में जोड़ेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए प्रमोद वत्स ने परिषद के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवगठित प्रोफेशनल्स शाखा आने वाले समय में सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करेगी।


