दिगंबर जैन मंदिर सेक्टर-27 में सर्वसम्मति से धर्म बहादुर जैन दोबारा अध्यक्ष चुने गए….
चंडीगढ़, 13 सितंबर 2026। सेक्टर-27 स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर की कार्यकारिणी की आम सभा (जनरल बॉडी मीटिंग) रविवार को मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्री अतुल जैन एवं डॉक्टर संयोग जैन द्वारा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से धर्म बहादुर जैन को अगले दो साल के कार्यकाल के लिए दोबारा प्रधान चुना गया। आगामी कुछ दिनों में वह अपनी सात सदस्यों की टीम एवं सात सदस्यों की एग्जीक्यूटिव कमेटी की घोषणा करेंगे।
इस दौरान मंदिर के आय-व्यय का ब्यौरा भी रखा गया। अलग अलग सदस्यों ने अपने वक्तव्यों में पूर्व कार्यकाल में प्रधान एवं उनकी टीम द्वारा किए गए विकास कार्यों, मंदिर के रखरखाव और धार्मिक आयोजनों की सराहना की। सदस्यों ने कहा कि उनके नेतृत्व में मंदिर परिसर में कई सुधार कार्य हुए हैं और समाज को एकजुट करने का कार्य किया गया है।
नवनिर्वाचित प्रधान धर्म बहादुर जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मंदिर की सेवा और समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही मंदिर में नई योजनाओं पर कार्य शुरू किया जाएगा और सभी को साथ लेकर चलेंगे।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


