लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

60 लाख रुपये की लागत से गांव अटावा में सीवरेज व पानी की नई पाइपलाइन का शुभारंभ — लोगों को मिलेगी बड़ी राहत…..

चंडीगढ़, 8 सितंबर 2026: वार्ड नंबर 24 के अंतर्गत गांव अटावा, सेक्टर-42बी, चंडीगढ़ में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज एवं पानी से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर गांव अटावा में 200 मिलीमीटर व्यास की नई सीवरेज पाइपलाइन को मजबूत करने, उपलब्ध कराने एवं बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में नई पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी शुरू किया गया।

गांव अटावा में कई स्थानों पर बार-बार सीवरेज जाम, सीवरेज का पानी सड़कों पर भरने तथा सड़क धंसने की समस्या सामने आ रही थी। इसके कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए इन समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य करवाया जा रहा है।

इन दोनों विकास कार्यों पर लगभग 60 लाख रुपये की लागत आएगी। यह जानकारी मौके पर मौजूद उपमंडल अधिकारी यशपाल गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि दोनों कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र की सीवरेज एवं पानी की व्यवस्था में काफी सुधार होगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर नरता राम शर्मा ने नारियल तोड़कर सीवरेज पाइपलाइन के कार्य का शुभारंभ किया, जबकि सुखदेव सिंह ने नारियल तोड़कर नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया।

स्थानीय निवासी संदीप सोनी ने कहा कि सड़क पर आए दिन सीवरेज जाम होने के कारण कई जगह सड़क दब जाती थी, जिससे लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि नई सीवरेज लाइन बिछने से सीवरेज और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है तथा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

वहीं, स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि उनके घरों के साथ वाली लाइन में पानी की पाइपलाइन नहीं होने के कारण दूर से पानी का कनेक्शन आता था। इसके चलते कई बार पानी की सप्लाई में गंदा पानी आने की समस्या रहती थी। उन्होंने कहा कि नई पानी की पाइपलाइन बिछने से पानी की आपूर्ति बेहतर होगी और लोगों को स्वच्छ पानी मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि वार्ड नंबर 24 के गांव अटावा सहित पूरे वार्ड का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं तथा जो कार्य अभी बाकी हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी भी राजनीतिक भेदभाव के बिना हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचने चाहिए। गांव अटावा वार्ड नंबर 24 का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी जिम्मेदारी है।

जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्य करवाकर लोगों को उनका सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि वार्ड नंबर 24 में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा।

कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार, कनिष्ठ अभियंता अनुराग यादव, दविंदर सिंह, युगल शर्मा, कुलजीत सिंह, हरदीप सिंह, लखा सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

जसबीर सिंह बंटी

पार्षद, वार्ड नंबर 24

नगर निगम चंडीगढ़