31 अक्टूबर को होगा श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ का वार्षिक समारोह….
श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सर्व सांझा सेवा मंडल चंडीगढ़ की बैठक सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-42 में मंडल अध्यक्ष ओम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंडल के चेयरमैन तरसेम शर्मा, महासचिव रमेश सहोड़ सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत बाबा जी के जयकारे के साथ हुई।
बैठक में आगामी 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाले बाबा जी के वार्षिक समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल की ओर से बताया गया कि समारोह के लिए सेक्टर-41 बी स्थित रामलीला मैदान बुक करवा लिया गया है और टेंट आदि की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है।
समारोह में हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध गायिका निशा शर्मा बाबा जी का गुणगान करेंगी। उनके साथ चंडीगढ़ के स्थानीय गायक कलाकार भी बाबा जी की महिमा का गुणगान करेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य वार्षिक समारोह के लिए निमंत्रण कार्ड, बैनर और पंपलेट छपवाने संबंधी निर्णय लेना था। सभी सदस्यों की सहमति से निमंत्रण कार्ड, बैनर और पंपलेट छपवाने का निर्णय लिया गया। चंडीगढ़ के विभिन्न मंदिरों की प्रबंधक कमेटियों को निमंत्रण कार्ड दिए जाएंगे तथा शहर में विभिन्न स्थानों पर बैनर लगाए जाएंगे।
मंडल की ओर से बताया गया कि हर वर्ष दो प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें चैत्र माह में बाबा जी की शोभायात्रा और दूसरा वार्षिक समारोह शामिल है। इस वर्ष सावन माह में भी बाबा जी का गुणगान तथा खीर-पुड़े के लंगर का आयोजन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं का अच्छा सहयोग मिला और कार्यक्रम सफल रहा।
अंत में मंडल अध्यक्ष ओम ठाकुर ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। यह जानकारी मंडल के संगठन सचिव रोशन भारद्वाज ने दी।


