श्री महावीर मन्दिर-23, में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं नन्द उत्सव 4 सितम्बर को….
श्री चण्डीगढ़, 2 सितम्बर 2026: श्री महावीर मन्दिर, सेक्टर-23 डी, चण्डीगढ़ द्वारा इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं नन्द उत्सव का भव्य आयोजन 4 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा।
श्री महावीर मन्दिर मुनि सभा के प्रधान दलीप चन्द गुप्ता व सांस्कृतिक सचिव पं. दीप भारद्वाज ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के पावन प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक समारोह को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए श्री नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक जी महाराज, बद्री आश्रम (हिमालय), उत्तराखण्ड विशेष रूप से पधार रहे हैं। उनके सान्निध्य में श्रद्धालुओं को भक्ति, सत्संग एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
सभा के उप प्रधान ओ.पी. पाहवा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि 9:00 बजे से 12:00 बजे तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी व्रत कथा, संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। इसके उपरांत रात्रि 12:15 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित आकर्षक विद्युत झांकियों का भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
दलीप चन्द गुप्ता ने समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रभु प्रेमियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस पावन महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।


