सावन के अंतिम सोमवार पर श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-46 में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब….
सावन माह के अंतिम सोमवार को श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-46 में भगवान शिव के भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर शिवालय में पूजा-अर्चना करते नजर आए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। हर सोमवार की तरह इस सोमवार को भी श्रद्धालुओं के लिए खीर और मालपुए का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर सभा के प्रधान जतिंदर भाटिया, महासचिव सुशील सोवत और सचिव अशोक भगत ने बताया कि सावन माह को लेकर मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे। महिला मंडल की ओर से 30 जुलाई से प्रतिदिन शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है, जबकि प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए खीर और मालपुए का प्रसाद तैयार कर वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि महिला मंडल की सदस्य सरोज दीक्षित, सुदेश त्रिखा, उषा गोयल, आदर्श, चंद्रकांता, मित्तल बहन जी, गुप्ता बहन जी, बंसल बहन जी और प्रेमलता बंसल सहित अन्य सदस्यों ने पूरे सावन माह में नियमित रूप से भजन-कीर्तन में भाग लिया। मंदिर सभा पदाधिकारियों ने कहा कि महिला मंडल का मंदिर के प्रत्येक धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में विशेष सहयोग रहता है। खासकर मंदिर के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण कार्यों में भी महिला मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मंदिर के सभी पुजारियों पंडित राहुल जी, पंडित गोपाल जी, पंडित हरि कृष्ण जी और पंडित शैलेंद्र जी ने भी सावन माह के दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक तैयारियां कीं और पूजा-अर्चना संपन्न कराई। अंत में श्री सनातन धर्म मंदिर सभा की ओर से सभी श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और विश्व शांति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की गई।



