लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

तीन दिवसीय जीएसटी प्रमाणपत्र कोर्स का सफल समापन, डिजिटल टैक्स अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए ‘टैक्सऑन’ ऐप लॉन्च…..

चंडीगढ़, 5 जुलाई 2026: ब्राइटएज टैक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने पंजाब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीसीसीआई) और एससीएल लाइफसाइंसेज लिमिटेड के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय “जीएसटी – कॉन्सेप्ट्स टू कंप्लायंस”– का सफलतापूर्वक समापन किया। इस कोर्स में छात्रों, पेशेवरों, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा जीएसटी अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की व्यावहारिक जानकारी देना तथा ऐसे कुशल जीएसटी विशेषज्ञ तैयार करना था, जो कर अनुपालन (टैक्स कंप्लायंस) को बढ़ावा देकर विकसित भारत और विकसित हो रहे जीएसटी 2.0 के लक्ष्य को मजबूत बना सकें।

कार्यक्रम में जीएसटी विभाग, न्यायिक क्षेत्र, शिक्षा जगत और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियाँ शामिल हुईं। इनमें राजन दत्त (आईआरएस), कमिश्नर जीएसटी (ऑडिट), पंचकूला; गौरव धवन (आईआरएस), कमिश्नर जीएसटी (अपील), लुधियाना; दीपक नंदा, प्रबंध निदेशक, ट्राइडेंट लिमिटेड; वरिष्ठ अधिवक्ता गुरकिरण सिंह; हामीद गनई, सीटीओ, श्रीनगर; डॉ. अजय शर्मा, प्रिंसीपल, एसडी कॉलेज, चंडीगढ़; संजीव अग्रवाल; दलिप शर्मा, महासचिव, पंजाब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री; कंपनी सेक्रेटरी अर्जुन त्यागी तथा डॉ. सपना नंदा, प्राचार्य, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चंडीगढ़ शामिल रहे।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि जीएसटी के क्षेत्र में रोजगार और करियर की संभावनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्रों और पेशेवरों से अपील की कि वे कराधान और अनुपालन के क्षेत्र में अपनी जानकारी और कौशल को लगातार बेहतर बनाते रहें। उन्होंने इस प्रशिक्षण के व्यावहारिक स्वरूप की सराहना करते हुए आयोजकों की प्रशंसा की कि उन्होंने गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा सभी के लिए सुलभ बनाई।

समापन समारोह का मुख्य आकर्षण “टैक्सऑन” मोबाइल ऐप का शुभारंभ रहा। इसका उद्घाटन डॉ. सपना नंदा और डॉ. अजय शर्मा ने किया। इस ऐप को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग में बी.टेक कर रहे छात्र ओंकार दत्त ने, ब्राइटएज टैक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं प्रैक्टिसिंग कंपनी सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा के मार्गदर्शन में विकसित किया है।

यह ऐप करदाताओं, छात्रों, पेशेवरों और कर अधिकारियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहाँ एक ही क्लिक पर जीएसटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वेबसाइटों और जानकारियों तक पहुँचा जा सकता है। इसमें जीएसटीआईइन, जीएसटी कानून, अधिसूचनाएँ, एच एस एन कोड, जीएसटीएटी तथा डी जी एफ टी से संबंधित जानकारी उपलब्ध है।

ब्राइटएज टैक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर संजय मल्होत्रा ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद करते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से जीएसटी अधीक्षक नरिंदर सिंह, अनीश दीवान, श्री दलिप शर्मा तथा कंपनी सेक्रेटरी अर्जुन त्यागी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय व्यापार वित्त, निर्यात-आयात प्रक्रियाओं और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं पर भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं की पेशेवर क्षमता बढ़े और स्वरोजगार के अवसर मजबूत हों।

कार्यक्रम की सराहना करते हुए राजन दत्त (आईआरएस), कमिश्नर, सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क (ऑडिट), पंचकूला ने कहा कि यह कार्यशाला पूरी तरह सफल रही और इसने नए जीएसटी विशेषज्ञ तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण ने शैक्षणिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव का बेहतरीन मेल प्रस्तुत किया। उन्होंने इस बात की भी प्रशंसा की कि पूरा कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जीएसटी प्रशासन में उपयोगी सहायक साबित हो सकता है, लेकिन यह कभी भी ईमानदारी, पेशेवर नैतिकता और कड़ी मेहनत का स्थान नहीं ले सकता। उन्होंने ओंकार दत्त की भी प्रशंसा की, जिन्होंने जीएसटी प्रशासन में एआई की भूमिका पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी और मात्र 48 घंटे में टैक्सऑन ऐप विकसित किया। अंत में उन्होंने सीएस संजय मल्होत्रा, आयोजन समिति और प्रायोजकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम भारत की कर अनुपालन व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।