लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

20,000 लीटर मुफ्त पानी के अधिकार के लिए कल नगर निगम का घेराव करेगी चंडीगढ़ कांग्रेस….

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम की मासिक बैठक के अवसर पर सोमवार को 20,000 लीटर प्रतिमाह मुफ्त पानी के मुद्दे पर नगर निगम के बाहर विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जिस प्रस्ताव को नगर निगम सदन पहले ही पारित कर चुका है, उसे लागू करने में हो रही देरी पूरी तरह जनविरोधी है और भाजपा तथा आम आदमी पार्टी की विफलता का प्रमाण है।

इस संबंध में आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें एआईसीसी सचिव विदित चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में नगर निगम की हाउस मीटिंग को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सदन के भीतर कांग्रेस के पार्षद 20,000 लीटर मुफ्त पानी के मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाएंगे, जबकि सदन के बाहर एच.एस. लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।

एच.एस. लक्की ने कहा कि 20,000 लीटर मुफ्त पानी कोई एहसान नहीं, बल्कि चंडीगढ़ की जनता का अधिकार है। जब यह प्रस्ताव नगर निगम सदन में पारित हो चुका है और सांसद मनीष तिवारी भी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, तब इसे लागू न करना जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक प्रत्येक चंडीगढ़वासी को उसका अधिकार नहीं मिल जाता।

बैठक में चंडीगढ़ में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की गई। नेताओं ने जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी के बीएलए वार्ड स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से संपन्न हो।

एच.एस. लक्की ने एआईसीसी सचिव विदित चौधरी के समक्ष पिछले दिनों पार्टी द्वारा चलाए गए पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ जनजागरण अभियान की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

बैठक में आगामी जनआंदोलनों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। एच.एस. लक्की ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस दो बड़े जनहित के मुद्दों को लेकर हर वार्ड और हर कॉलोनी तक जाएगी। पहला मुद्दा देशभर में युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं का होगा, जबकि दूसरा मुद्दा राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में सामने आए कथित वित्तीय घोटाले का होगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। यदि श्रद्धालुओं के चंदे में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ओर किसी को बचाया नहीं जाना चाहिए चाहे कोई भी हो। आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विदित चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” का नारा देते थे, आज उनके शासनकाल में एक के बाद एक वित्तीय घोटालों के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ भी इससे अछूता नहीं रहा और आईडीएफसी बैंक प्रकरण सहित कई मामलों ने भाजपा शासित प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार के प्रदर्शन का मुख्य केंद्र 20,000 लीटर मुफ्त पानी का मुद्दा होगा, क्योंकि यह सीधे चंडीगढ़ के प्रत्येक परिवार से जुड़ा हुआ विषय है। साथ ही कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में अन्य जनहित के मुद्दों को भी व्यापक और प्रभावशाली जनआंदोलन के रूप में जनता के बीच लेकर जाएगी।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए इस जनसंघर्ष में भाग लें और नगर निगम तथा प्रशासन पर जनता के हित में लिए गए निर्णयों को तत्काल लागू करने का लोकतांत्रिक दबाव बनाएं।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress