लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

जय जवान, जय किसान पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान….

चंडीगढ़-: जय जवान, जय किसान पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। यह घोषणा आज चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बलजीत सिंह औलख ने की। इस अवसर पर डॉ. बलजीत सिंह औलख द्वारा मेजर आरपीएस मल्होत्रा को जय जवान जय किसान पार्टी में शामिल करवाया गया और उन्हें पार्टी का पंजाब अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव मेजर आरपीएस मल्होत्रा के नेतृत्व में लड़ने की घोषणा की गई।

मेजर आरपीएस मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब में अब तक की सरकारों द्वारा हमेशा लोगों के साथ बड़े-बड़े वादे और दावे किए गए हैं, लेकिन पूरा कभी कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जय जवान जय किसान पार्टी को देश के जवानों और किसानों द्वारा बनाया गया है, जिन्होंने देश की रक्षा और लोगों का पेट भरने के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान जवानों, किसानों, कर्मचारियों, लोगों की सामाजिक सुरक्षा और महिलाओं के मुद्दों को विशेष रूप से उठाया जाएगा। इसके अलावा पंजाब में स्वास्थ्य और शिक्षा को मुफ्त किया जाएगा और युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के तहत पंजाब के युवाओं को कुछ भी नहीं मिल रहा है, इसलिए पंजाब में जय जवान जय किसान पार्टी की सरकार बनने पर जहाँ केंद्र सरकार पर अग्निवीर योजना को रद्द करने के लिए दबाव बनाया जाएगा, वहीं अग्निवीरों को पंजाब पुलिस में नौकरी दिलाने के लिए विशेष आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा अग्निवीरों को शहादत के बाद शहीद का दर्जा दिया जाएगा और परिवार को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता और नौकरी भी दी जाएगी।

मेजर मल्होत्रा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए और प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान से बचाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के विशेष फंड का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पंजाब में बुजुर्गों को केवल 1500 रुपये महीना पेंशन दी जा रही है, जिसे बढ़ाकर पांच हजार रुपये महीना किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों के हक में आवाज बुलंद करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) को बहाल किया जाएगा और डीए को केंद्रीय तर्ज पर जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों (NRIs) के हक में विशेष नियम तैयार किए जाएंगे और उनकी संपत्तियों से संबंधित मामलों का निपटारा 60 दिनों में करने के लिए फास्ट ट्रैक ट्रिब्यूनल बनाया जाएगा। इसके अलावा पुलिस को हफ्ते में पांच दिन काम और आठ घंटे ड्यूटी का प्रबंध करके दिया जाएगा।

मेजर आरपीएस मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब में राजनीतिक नेताओं के संरक्षण में बड़े स्तर पर माइनिंग की जा रही है, जिससे पंजाब के खजाने को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनने पर राज्य माइनिंग कॉरपोरेशन बनाई जाएगी और माइनिंग इसी कॉरपोरेशन के अधीन करवाई जाएगी। इससे सूबे को भारी वित्तीय लाभ होगा और राज्य आर्थिक रूप से मजबूत हो सकेगा। नशे के खात्मे और गैंगस्टरवाद को खत्म करने के लिए सख्ती से कार्रवाई की जाएगी ताकि पंजाब को कानून-व्यवस्था के मामले में देश का सबसे सुरक्षित राज्य बनाया जा सके। इसके अलावा देश में वीआईपी कल्चर को खत्म किया जाएगा और राज्य में हर दो महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। नवनियुक्त पंजाब अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में सभी महिलाओं को 1500 रुपये महीना वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा पंजाब के पानी, पर्यावरण और संघीय ढांचे के हितों की रक्षा के लिए विशेष रूप से आवाज बुलंद की जाएगी। इस मौके पर सूबेदार वीर सिंह चौहान, सूबेदार मेजर लाल सिंह, कर्नल राजकुमार, बलजीत शर्मा, हरमन टिवाणा, अमरजीत सिंह सोढ़ी और कुलवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।