बच्चों की प्रतिभा के साथ जीवन में संस्कारों का संदेश दे गया ‘स्वरांजलि 2026….
चंडीगढ़, 19 नवंबर। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र द्वारा 19वीं अंतर जनपदीय संगीत, नृत्य एवं कला प्रतियोगिता ‘सतयुग संगीत उत्सव 2026’ के तहत चंडीगढ़ में ट्राईसिटी राउंड का सफल आयोजन किया गया। इसमें चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य एवं कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में केंद्र के प्रधानाचार्य श्री दीपेंद्र कांत, चंडीगढ़ इंचार्ज अनिता कपूर, बलदेव मदान सहित केंद्र के सदस्य प्रीति, प्रमोद नांद्रा, विमल राय, आशीष, सुदर्शन मेहता, मोनिका सेठी, पूनम त्रेहन, पूनम सपरा, जया आहुजा और सुनीता राजीव देवेसर उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. सतविंदर विर्क, सुनंदा शर्मा, वंदना वर्मा, अमनदीप, सार्थक सिंह एवं सुभाष शोरे शामिल रहे।
इस अवसर पर श्री दीपेंद्र कांत ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ भावों, संस्कारों और सकारात्मक विचारों के प्रसार का सशक्त माध्यम है। संगीत में आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों का समावेश होने से बच्चों में नैतिकता, सद्भावना, समभाव और समदृष्टि जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का उद्देश्य केवल भौतिक उन्नति नहीं, बल्कि आत्मिक ज्ञान प्राप्त कर अपने भाव और स्वभाव को श्रेष्ठ बनाना भी है।
उन्होंने बताया कि आत्मिक ज्ञान से आत्मबोध, विवेकशक्ति और आत्मबल का विकास होता है तथा व्यक्ति सत्य, धर्म, संतोष, धैर्य और समभाव जैसे गुणों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित होता है।
चंडीगढ़ इंचार्ज अनिता कपूर ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-21 में भी कला केंद्र की स्थापना की जा रही है, जिसका आयोजन 29 नवंबर को होगा। उन्होंने शहरवासियों से समभाव-समदृष्टि के निःशुल्क स्कूल की गतिविधियों से जुड़ने और नामांकन कराने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में इंचार्ज बलदेव मदान ने समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने और विकारमुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र तथा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को मेरिट प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्कूलों को भी ट्रॉफी प्रदान की गई।
*प्रतियोगिताओं के परिणाम
नुक्कड़ नाटक:* अमरावती विद्यालय पंचकूला ने प्रथम, सेंट जेवियर हाई स्कूल पंचकूला ने द्वितीय तथा सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*रंगोली:* भवन विद्यालय ने प्रथम, अमरावती विद्यालय पंचकूला और सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल ने द्वितीय तथा वाटिका स्कूल, सतलुज पब्लिक स्कूल और मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-27 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यूनिसम इंटरनेशनल स्कूल पिंजौर को सांत्वना पुरस्कार मिला।
*सोलो सिंगिंग:* मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-27 ने प्रथम, सतलुज पब्लिक स्कूल पंचकूला ने द्वितीय तथा इंस्टीट्यूट ऑफ द ब्लाइंड सेक्टर-26 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*ग्रुप सिंगिंग:* सतलुज पब्लिक स्कूल पंचकूला ने प्रथम, अमरावती विद्यालय पंचकूला ने द्वितीय तथा जीएमसीसी स्कूल सेक्टर-37बी और इंस्टीट्यूट ऑफ द ब्लाइंड सेक्टर-26 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*सोलो डांस (क्लासिकल):* सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल ने प्रथम, अमरावती विद्यालय पंचकूला ने द्वितीय तथा मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-27 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*ग्रुप डांस (डिवोशनल):* अमरावती विद्यालय पंचकूला, सतलुज पब्लिक स्कूल पंचकूला और सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*ग्रुप डांस (फोक):* जीएमसीसी स्कूल सेक्टर-47डी, मोती राम स्कूल चंडीगढ़ और मोती राम स्कूल पंचकूला ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*ओवरऑल ट्रॉफी में अमरावती विद्यालय पंचकूला ने मारी बाजी-*
ओवरऑल ट्रॉफी प्रतियोगिता में अमरावती विद्यालय पंचकूला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सतलुज पब्लिक स्कूल पंचकूला ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान के लिए सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल पिंजौर और मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-27 चंडीगढ़ संयुक्त रूप से विजेता रहे।


