चंडीगढ़ में 14 नवंबर को सजेगा बाबा खाटू श्याम जी का भव्य दरबार….
श्री खाटू श्याम प्रचार मण्डल (पंजी.), चण्डीगढ़ द्वारा 28वाँ श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव आगामी शनिवार, 14 नवंबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन सेक्टर-32ए स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में सायं 05:30 बजे से प्रभु इच्छा तक अविरल चलेगा।
मण्डल के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने बताया कि इस पावन अवसर पर बाबा खाटू श्याम जी का अलौकिक दरबार (भव्य श्रृंगार), छप्पन भोग और अखण्ड ज्योति भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस पावन संकीर्तन महोत्सव में बाबा श्याम को रिझाने के लिए देश के प्रसिद्ध भजन सम्राट अपनी सुरीली आवाज और भजनों के माध्यम से बाबा का महिमामंडन करेंगे। इनमें मुख्य रूप से श्री संजय पारीक, श्री संजय खेमका, श्री महावीर अग्रवाल, श्री धर्म नगर, श्री अश्वनी शर्मा और पंडित रविंद्र शास्त्री शामिल हैं, जो कीर्तन में सुरमयी प्रस्तुतियाँ देंगे।
मण्डल द्वारा कीर्तन में आने वाले हजारों श्याम भक्तों के लिए बैठने और सुचारू दर्शन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस अवसर पर ‘श्याम रसोई’ के माध्यम से विशाल भण्डारे (प्रसाद) का वितरण शाम 7:30 बजे से शुरू किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) और आसपास के सभी श्याम प्रेमियों को इस अलौकिक संकीर्तन में सपरिवार पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने का भावभीना आमंत्रण दिया है।


