इंडिया गठबंधन का “वोट बचाओ, देश बचाओ” मार्च, चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन….
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में आज इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने “वोट बचाओ, देश बचाओ” के आह्वान के साथ जोरदार मार्च निकालकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। मार्च में कांग्रेस के पार्षदों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
हाथ में तिरंगा लेकर मार्च की अगुवाई कर रहे एच.एस. लक्की के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी डीसी कार्यालय की ओर बढ़े। डीसी कार्यालय से कुछ दूरी पहले चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयोग तथा केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि देश में लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि निष्पक्ष मतदाता सूची और निष्पक्ष चुनाव आयोग से सुरक्षित रहता है। आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर करोड़ों मतदाताओं के वोटों को मतदाता सूचियों से हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस-जिस राज्य में चुनाव होने वाला होता है, उससे पहले एसआईआर की प्रक्रिया शुरू कर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है और इससे एक विशेष राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने का माहौल बनाया जा रहा है।
लक्की ने कहा, “वोट किसी भी नागरिक का सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि लोकतंत्र में उसकी सबसे बड़ी ताकत है। अगर किसी नागरिक का वोट ही मतदाता सूची से गायब कर दिया जाए तो फिर चुनाव की निष्पक्षता का क्या अर्थ रह जाता है?”
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। आज का मार्च इसी संघर्ष की एक कड़ी है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम एक ज्ञापन चंडीगढ़ के उपायुक्त के माध्यम से सौंपा जा रहा है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने तथा चुनाव आयोग की निष्पक्षता और संस्थागत विश्वसनीयता बहाल करने की मांग की गई है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा:
“जब तक ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया नहीं जाता, तब तक हमारा आंदोलन रुकने वाला नहीं है। यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि देश के हर मतदाता के वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है।”
लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को अब केवल चंडीगढ़ तक सीमित नहीं रखेगी। उन्होंने बताया कि देशव्यापी आंदोलन को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय कार्यालय ‘इंदिरा भवन’ में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल तथा प्रियंका गांधी की मौजूदगी में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसमें विभिन्न प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट आह्वान किया है कि जब तक चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित नहीं होती तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
लक्की ने कहा कि आने वाले दिनों में चंडीगढ़ के प्रत्येक वार्ड, गांव और सेक्टर तक यह अभियान पहुंचाया जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि मतदाता सूची में एक भी योग्य नागरिक का नाम कटना लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने चंडीगढ़ के जागरूक नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “आज जरूरत किसी पार्टी के साथ खड़े होने से ज्यादा लोकतंत्र के साथ खड़े होने की है। अगर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठते हैं तो हर लोकतंत्र प्रेमी नागरिक को आवाज उठानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की संस्थाओं को किसी सरकार या राजनीतिक दल के दबाव से मुक्त रहकर संविधान के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
मार्च में कांग्रेस के बड़ी संख्या में पार्षदों, वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा अन्य सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं के अलावा समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि मतदाता का वोट सुरक्षित रहेगा, तभी लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा—और इस अधिकार की रक्षा के लिए चंडीगढ़ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक जारी रहेगा।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


