चंडीगढ़ कांग्रेस को मिला बड़ा राजनीतिक बल: शास्त्री मार्केट के अध्यक्ष मुकेश गोयल सैकड़ों समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल…..
चंडीगढ़ कांग्रेस को आज उस समय बड़ा राजनीतिक बल मिला जब शहर के प्रमुख व्यापारी नेता, समाजसेवी एवं शास्त्री मार्केट के निर्वाचित अध्यक्ष मुकेश गोयल ने अपने सैकड़ों समर्थकों और साथियों के साथ भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। मुकेश गोयल शास्त्री मार्केट के अध्यक्ष के रूप में दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं और वे स्मॉल ट्रेडर एसोसिएशन के भी अध्यक्ष हैं।
चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने मुकेश गोयल और उनके साथ कांग्रेस में शामिल हुए सैकड़ों समर्थकों का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने मुकेश गोयल को पार्टी का गमछा पहनाकर विधिवत रूप से कांग्रेस में शामिल कराया।
इस अवसर पर कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि पिछले कुछ समय से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पार्षदों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों का कांग्रेस से जुड़ना महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि चंडीगढ़ के लोग कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों को गंभीरता से देख रहे हैं और पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।
लक्की ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर चंडीगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का फोकस केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के व्यापारियों, आम नागरिकों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जिस तरह जनहित, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और आम लोगों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है, उसका प्रभाव चंडीगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। वहीं, चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी द्वारा शहर के हितों से जुड़े मुद्दों को विभिन्न मंचों पर लगातार उठाए जाने से भी लोगों में कांग्रेस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
“व्यापारी वर्ग की आवाज को कांग्रेस मजबूती से उठाएगी”
एच.एस. लक्की ने कहा कि मुकेश गोयल जैसे सक्रिय व्यापारी नेता का कांग्रेस से जुड़ना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के व्यापारियों और छोटे दुकानदारों की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं और कांग्रेस उनके अधिकारों तथा सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी तथा पार्टी उनके अनुभव और सामाजिक जुड़ाव का जनहित में उपयोग करेगी।
मुकेश गोयल बोले—भाजपा की विचारधारा से प्रभावित था, लेकिन नगर निगम के कामकाज से हुआ मोहभंग
इस अवसर पर कांग्रेस में शामिल हुए मुकेश गोयल ने कहा कि वे लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित रहे हैं, लेकिन पिछले लगभग 10–11 वर्षों के दौरान चंडीगढ़ नगर निगम के कामकाज को देखने और भाजपा द्वारा लगातार कार्यकर्ताओं की अपेक्षा किए जाने से उनका पार्टी से मोहभंग हुआ।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा से व्यापारी हितों और समाजसेवा से जुड़े रहे हैं और समाज की सेवा को अपना पहला कर्तव्य मानते हैं। उनके अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं, छोटे दुकानदारों की परेशानियों और शहर के आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है।
मुकेश गोयल ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस द्वारा लगातार जनहित के मुद्दों को उठाया जाना, एच.एस. लक्की की कार्यशैली और सांसद मनीष तिवारी द्वारा चंडीगढ़ के हितों में किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों और शहर के विकास तथा व्यापारी वर्ग के हितों को लेकर पार्टी के प्रयासों के साथ मिलकर काम करेंगे।
सैकड़ों समर्थकों ने भी थामा कांग्रेस का हाथ
मुकेश गोयल के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों और साथियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और समाजसेवी शामिल थे।
एच.एस. लक्की ने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरा सम्मान दिया जाएगा और उनके अनुभव तथा जनसंपर्क को पार्टी संगठन को मजबूत करने में उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन चंडीगढ़ में लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले नगर निगम चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में विक्रम चोपड़ा, चंद्रमुखी शर्मा, ऋतु छाबड़ा, अजय शर्मा, राजीव मोगिल, राजदीप सिद्धू, सुभाष प्रेमलता और अच्छे लाल गौड़ सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress
9872511115


