विश्वकर्मा जयंती समारोह में एच.एस. लक्की ने श्रमिकों को दी शुभकामनाएं….
लेबर चौक, सेक्टर-44, चंडीगढ़ में आज भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं पूजा समारोह बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सब कंस्ट्रक्शन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों, निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
समारोह में चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा-अर्चना कर सभी श्रमिक भाइयों को विश्वकर्मा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एच.एस. लक्की ने कहा, “भगवान विश्वकर्मा सृजन, मेहनत और निर्माण के प्रतीक हैं। देश की तरक्की और विकास में श्रमिक वर्ग का योगदान अतुलनीय है। अपने पसीने और मेहनत से शहरों, सड़कों, इमारतों और उद्योगों का निर्माण करने वाले श्रमिक ही सच्चे विश्वकर्मा हैं।”
उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग समाज की रीढ़ है और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने लेबर चौक पर मजदूर भवन बनाए जाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मांग को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन से बातचीत करेगी और इसे पूरा करवाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
लक्की ने कहा कि सांसद मनीष तिवारी ने भी श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लेबर चौक पर टाइलें लगाने और शेड बनाने के कार्य को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की अन्य मांगें, जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगाना और पर्याप्त लाइटों की व्यवस्था करना शामिल है, उन्हें भी जल्द पूरा करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मेहनतकश लोगों को सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी की जिम्मेदारी है और कांग्रेस पार्टी श्रमिकों की आवाज को हर मंच पर उठाती रहेगी।
समारोह के दौरान उपस्थित श्रमिकों ने लक्की का स्वागत किया और भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा में भाग लिया।
इस अवसर पर सुभाष पाल, अच्छेलाल गौड़ (संगठन महासचिव), जाहिद परवेज खान (महासचिव), धर्मवीर सिसोदिया, राजेंद्र पाल (प्रधान), जगदेव कुमार गुड्डू (चेयरमैन), देवेंद्र पाल, तेज पाल, लाल चंद चांवरिया सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों श्रमिक साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सुरक्षा की कामना की गई।
जारीकर्ता:
सब कंस्ट्रक्शन वेलफेयर एसोसिएशन
लेबर चौक, सेक्टर-44, चंडीगढ़


