50 फुट ऊंचाई पर पर्वत उठाएंगे हनुमान जी, बद्रीनाथ धाम के कलाकार बढ़ाएंगे श्री बद्री केदार रामलीला की भव्यता….
चंडीगढ़, 1 सितम्बर 2026: सेक्टर 45-46 स्थित श्री बद्री केदार रामलीला कमेटी की ओर से इस वर्ष रामलीला का भव्य मंचन श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर 46 के पीछे स्थित मैदान में किया जाएगा। रामलीला को यादगार और आकर्षक बनाने के लिए कलाकारों ने मंचन का अभ्यास शुरू कर दिया है।
प्रतिदिन निर्धारित समय पर कलाकार एकत्र होकर अपने-अपने पात्रों के संवाद, हावभाव, भाव-भंगिमाओं और मंचीय गतिविधियों का अभ्यास कर रहे हैं। मंचन को अधिक जीवंत बनाने के लिए शीघ्र ही वेशभूषा और मेकअप के साथ अंतिम रिहर्सल भी शुरू की जाएगी।
कमेटी के सभापति भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र सदाचार की दुराचार पर, पुण्य की पाप पर, ज्ञान की अज्ञान पर और प्रेम की द्वेष पर विजय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कमेटी पिछले दो दशकों से रामलीला के माध्यम से युवा पीढ़ी, विशेषकर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धर्म और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष पहल की गई है। जो श्रद्धालु पूरे परिवार के साथ रामलीला देखने आएंगे, उन्हें रामायण जी भेंटस्वरूप प्रदान की जाएगी। वहीं बच्चों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में उस दिन गदा भेंट की जाएगी, जिस दिन हनुमान जी पर्वत उठाने की लीला का मंचन करेंगे।
भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार रामलीला में युवा कलाकारों की भागीदारी भी उत्साहजनक है। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम से विशेष रूप से पधारे कलाकार मंचन को धार्मिक और सांस्कृतिक रंग के साथ और अधिक भव्यता प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष का प्रमुख आकर्षण श्री हनुमान जी द्वारा 50 फुट की ऊंचाई पर पर्वत उठाने की अद्भुत लीला होगी। इस दृश्य को क्रेन की सहायता से सुरक्षित ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन समिति का प्रयास है कि यह प्रस्तुति दर्शकों, विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत अनुभव में बदल सके।
कमेटी के प्रधान आनंद प्रसाद शर्मा और महासचिव बीरपाल सिंह नेगी ने बताया कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशाल पंडाल के साथ पीने के पानी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। रामलीला मंच को आकर्षक लाइट्स और विशेष सजावट से सजाया जाएगा, ताकि दर्शकों को धार्मिक वातावरण के साथ भव्य मंचीय प्रस्तुति का अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला के आयोजन में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग ही इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है।
सेक्टर 45, 46 और 47 की रामलीला में अनीता पवार, गुड्डी, सुमित्रा बिष्ट एवं अन्य महिलाएँ भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। विशेष रूप से सेक्टर 45 की महिलाएँ बड़ी संख्या में इस रामलीला से जुड़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। सभी महिलाएँ मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं की यह उत्साहपूर्ण भागीदारी हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
इस अवसर पर कमेटी के सभापति भूपेंद्र शर्मा, प्रधान आनंद प्रसाद शर्मा, महासचिव बीरपाल सिंह नेगी सहित बर्फ सिंह, बृजमोहन, सुनीता भट्ट, विक्रम बिष्ट, देवी प्रसाद, प्रशांत शर्मा, पूनम कोठारी, सतिंदर, पंडित लाखी राम, धीरज, हर्षपाल, विनोद, महेश, बृजमोहन रावत, गोविंद सिंह पवार, हरीश पोखरियाल, सुरेंद्र भंडारी, मनोरी लाल, दिलीप सिंह पवार, काकू पांडे, मानसिंह बागड़ी, रजनी, मीनू महेश अधिकारी, पुनीत, अनिल सिंह बिष्ट, प्रेम सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


