पंजाब के व्यापार को नई दिशा: पंजाब ट्रेड प्रोमोशन काउंसिल ने विज़न जारी कर पहले संगोष्ठी-सह-पुरस्कार समारोह की घोषणा की…..
चण्डीगढ़ : पंजाब ट्रेड प्रोमोशन काउंसिल (पीटीपीसी), हाल ही में गठित एक स्वायत्त औद्योगिक निकाय है, जो सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के अंतर्गत सोसाइटी के रूप में पंजीकृत है। परिषद ने आज पंजाब के व्यापार एवं औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने संबंधी अपना विज़न प्रस्तुत किया तथा अपने प्रथम प्रमुख संगोष्ठी-सह-पुरस्कार समारोह की घोषणा की। यह समारोह आगामी 8 सितंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित एमजीएसआईपीए सभागार में आयोजित किया जाएगा।
ये घोषणाएँ चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान की गईं। पत्रकार वार्ता में पीटीपीसी के संस्थापक, सलाहकार, उद्योग प्रतिनिधि तथा इसके सहयोगी संस्थान देश भगत विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंजाब में व्यापार, निर्यात, निवेश, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई’ज), नवउद्यमों तथा उद्योगों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की परिषद की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
पंजाब के औद्योगिक विकास का विज़न प्रस्तुत
पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक तथा पीटीपीसी के सलाहकार विश्व बंधु मोंगा ने अतिथियों का परिचय कराते हुए पत्रकार वार्ता की पृष्ठभूमि रखी।
डॉ. संदीप सिंह, अध्यक्ष, देश भगत विश्वविद्यालय ने विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं तथा उद्योग जगत से जुड़े हितधारकों को एक साझा मंच पर लाने की पीटीपीसी की पहल की सराहना की। उन्होंने पंजाब के औद्योगिक तंत्र के सतत विकास के लिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत संबंधों को आवश्यक बताया।
श्रीमती कंचन शर्मा, अध्यक्ष, पीटीपीसी ने परिषद के व्यापक विज़न की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य पंजाब को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त व्यापार, निवेश और औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से और अधिक मजबूती से जोड़ना है।
बाल मुकुंद शर्मा, अध्यक्ष, पंजाब खाद्य आयोग, जिन्होंने पीटीपीसी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, ने कहा कि परिषद का उद्देश्य व्यवसायों को सशक्त बनाने, निर्यात को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने तथा विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के एमएसएमई’ज को सहयोग देने के लिए एक मजबूत संस्थागत मंच तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि पीटीपीसी पंजाब सरकार तथा भारत सरकार की पहलों के साथ समन्वय करते हुए यह सुनिश्चित करेगी कि सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ उद्यमियों और उद्योगों तक प्रभावी ढंग से पहुँचे। उन्होंने बताया कि पीटीपीसी की पहली संगोष्ठी खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र, विशेष रूप से पोषण-वर्धक खाद्य उद्योग, पर केंद्रित होगी। इस क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और निर्यात की व्यापक संभावनाएँ हैं।
उन्होंने आगे बताया कि पीटीपीसी ने विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी सलाहकारों को परिषद से जोड़ा है, जो एमएसएमई’ज, नवउद्यमों और उद्यमियों को विकास की यात्रा में मार्गदर्शन देंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान परिषद ने औपचारिक रूप से अपना विज़न वक्तव्य भी जारी किया।
तेजिंदर सिंह, संस्थापक, एग्नेक्स और अरुण ग्रोवर, प्रबंध निदेशक, अमरटेक्स ने उद्योग जगत के दृष्टिकोण से पीटीपीसी के विज़न पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने पंजाब के एमएसएमई’ज और नवउद्यमों के लिए अधिक सहयोग एवं अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए इस पहल का स्वागत किया।
पहली पीटीपीसी संगोष्ठी का केंद्र होगा खाद्य प्रसंस्करण
8 सितंबर के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बाल मुकुंद शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी का विषय “पंजाब के खाद्य प्रसंस्करण, विशेष रूप से खाद्य एवं पोषण-वर्धक एमएसएमई’ज को बढ़ावा देना — नीति, संवर्धन एवं प्रगति” होगा।
इस संगोष्ठी में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों, एमएसएमई’ज, नवउद्यमों और संस्थानों को एक साझा मंच पर लाया जाएगा।
तकनीकी सत्र–1 के। तहत प्रातः 11:20 से दोपहर 1:00 बजे तक “खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए नीतियाँ एवं सरकारी सहयोग तथा नवउद्यम एवं एमएसएमई तंत्र” विषय के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन, संस्थागत सहयोग तथा खाद्य क्षेत्र में नवउद्यमों एवं एमएसएमई’ज के अवसरों पर चर्चा होगी। इसमें वरिष्ठ अधिकारी, स्टार्टअप पंजाब प्रकोष्ठ तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
तकनीकी सत्र–2 में दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक
“खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों का सशक्त तंत्र” विषय पर किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीण उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा होगी। इसी सत्र के दौरान एक मोबाइल अनुप्रयोग का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके बाद पीटीपीसी उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह आयोजित होगा।
पीटीपीसी उत्कृष्टता पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित
प्रथम पीटीपीसी उत्कृष्टता पुरस्कार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की उत्कृष्ट इकाइयों को सूक्ष्म उद्यम, लघु उद्यम, मध्यम उद्यम, निर्यात उत्कृष्टता व महिला उद्यमी की पांच श्रेणियों में सम्मानित करेंगे।
पंजाब में कार्यरत पात्र खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। एक स्वतंत्र निर्णायक मंडल व्यवसाय वृद्धि, रोजगार सृजन, नवाचार, गुणवत्ता अनुपालन, किसानों से जुड़ाव, स्थिरता और निर्यात प्रदर्शन जैसे मानकों के आधार पर नामांकनों का मूल्यांकन करेगा।
नामांकन प्रक्रिया 19 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और 2 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। पात्र उद्यमी एवं उद्यम पीटीपीसी की ओर से देश भगत विश्वविद्यालय द्वारा संचालित निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। सरकारी विभागों और संस्थानों से भी योग्य एवं उल्लेखनीय उद्यमों के नामांकन भेजने का अनुरोध किया गया है।
78889 73676 ]


