खालसा कॉलेज में तीज उत्सव की धूम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां….
मोहाली, 22 अगस्त 2026: खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज, फेस-3 ए में तीज का त्योहार कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी के नेतृत्व में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर तीज की पारंपरिक रंगत को जीवंत किया, वहीं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर ‘मिस एम.सी.एम. रेडिएंट स्माइल 2023’ एवं राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल खिलाड़ी सिफ़त कौर बल्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
तीज उत्सव के लिए विशेष रूप से सजी-धजी छात्राओं ने अपने अध्यापकों एवं सहपाठियों को तीज की बधाई दी। कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों द्वारा फूड, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मेहंदी, नेल आर्ट और मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाए गए। छात्राओं एवं अध्यापकों ने इन स्टॉलों पर खरीदारी करने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों का आनंद उठाया। मेहंदी के स्टॉल पर विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों और साथियों के हाथों पर आकर्षक मेहंदी रचाकर उत्सव के माहौल को और खुशनुमा बनाया।
समारोह को यादगार बनाने के लिए कॉलेज प्रबंधन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने ग्रुप एवं सोलो डांस, गिद्दा, वेस्टर्न डांस तथा पंजाबी गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने कविताओं और शेर-ओ-शायरी के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर ‘मिस तीज’ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीए-2 की छात्रा नवनीत ने ‘मिस तीज’ का खिताब अपने नाम किया, जिसे कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी ने प्रदान किया।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी ने विद्यार्थियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज हमारी समृद्ध परंपरा, संस्कृति और विरासत का प्रतीक है। ऐसे त्योहार युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए ऐसे त्योहारों को मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए।


