रियल एस्टेट में उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगा सम्मान, क्रेडाई अवॉर्ड्स 2026 के दूसरे संस्करण के लिए आवेदन शुरू……
नई दिल्ली- देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में बेहतरीन परियोजनाओं, संस्थाओं और पेशेवरों को सम्मानित करने के उद्देश्य से क्रेडाई (CREDAI) ने रियल एस्टेट एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 के दूसरे संस्करण की घोषणा कर दी है। इन पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और इच्छुक डेवलपर्स 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। पुरस्कारों का मूल्यांकन स्वतंत्र एजेंसी CRISIL द्वारा पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
क्रेडाई के अनुसार, पहले संस्करण को देशभर से 750 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। इसी उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए इस वर्ष पुरस्कारों का दायरा बढ़ाते हुए 36 अलग-अलग श्रेणियां शामिल की गई हैं। इन श्रेणियों को टियर-1 शहर, भारत के अन्य हिस्से और ओवरऑल वर्गों में बांटा गया है, ताकि विभिन्न बाजार परिस्थितियों में विकसित परियोजनाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सके।
इन पुरस्कारों में क्रेडाई के सदस्य और गैर-सदस्य दोनों भाग ले सकते हैं। पुरस्कारों के तहत आवासीय, वाणिज्यिक, प्लॉटेड और सीनियर लिविंग परियोजनाओं के अलावा सस्टेनेबिलिटी, डिजिटल इनोवेशन, निर्माण तकनीक, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) तथा उभरते उद्योग नेतृत्व जैसी श्रेणियों को भी शामिल किया गया है। आयोजकों का कहना है कि यह पहल देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और जिम्मेदार विकास को बढ़ावा देने वाले कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने का प्रयास है।
अवॉर्ड्स के लिए प्राप्त सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें दस्तावेजों की जांच, तकनीकी मूल्यांकन, स्वतंत्र साइट निरीक्षण और विशेषज्ञ जूरी द्वारा अंतिम समीक्षा शामिल होगी। पूरी प्रक्रिया CRISIL की ओर से स्वतंत्र रूप से संचालित की जाएगी, जिससे पुरस्कारों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
क्रेडाई के अध्यक्ष शेखर पटेल ने कहा कि पहले संस्करण को मिली शानदार प्रतिक्रिया ने यह साबित किया कि रियल एस्टेट उद्योग एक पारदर्शी और योग्यता आधारित सम्मान प्रणाली पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि इस बार अधिक श्रेणियां जोड़ी गई हैं, जिससे देशभर में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को व्यापक प्रतिनिधित्व मिलेगा। उनके अनुसार, ये पुरस्कार केवल बेहतर परियोजनाओं और संस्थाओं को ही नहीं, बल्कि नए विचारों, जिम्मेदार विकास की सोच और तकनीकी नवाचारों को भी प्रोत्साहित करेंगे, जो भारतीय रियल एस्टेट के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने देशभर के डेवलपर्स से बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष पहले से अधिक प्रविष्टियां मिलने की उम्मीद है।
क्रेडाई ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद CRISIL की टीम मूल्यांकन और साइट विजिट का कार्य शुरू करेगी। इसके बाद जूरी की अंतिम बैठक होगी और विजेताओं की घोषणा दिसंबर 2026 में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में की जाएगी। देशभर के डेवलपर्स निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक अवॉर्ड पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
देशभर के डेवलपर्स को अपनी प्रविष्टियां समर्पित अवॉर्ड पोर्टल के माध्यम से भेजने के लिए आमंत्रित किया गया है: https://credai.org/real-estate-awards-2026/


