बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ की भजन संध्या में गूंजे भक्ति के स्वर, थडिया गीत और चौंफ़ला नृत्य पर झूमे श्रद्धालु….
चंडीगढ़, 10 अगस्त 2026: बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ सेवा समिति, चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-29 स्थित गढ़वाल भवन में “एक शाम बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के नाम” भजन संध्या का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, भजनों, जागर और पारंपरिक नृत्यों का सुंदर संगम देखने को मिला। भक्ति संगीत में डूबे श्रद्धालुओं ने बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के जयकारों के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
समिति के चेयरमैन एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि भजन संध्या का उद्देश्य बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी की भक्ति एवं उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर गढ़वाल भवन के प्रेसिडेंट शंकर सिंह पंवार, भाजपा, चंडीगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन, रामवीर भट्टी, डिप्टी मेयर जसमन प्रीत सिंह, अरुण सूद व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
भजन संध्या में उत्तराखंड से आए कलाकारों के अपने भजनों और गीतों तथा ट्राईसिटी की करीब 18 महिला कीर्तन मंडलियों ने बाबा जी के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत करके, श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शर्मिला उनियाल, रेखा रावत, हेमलता उनियाल, अंबिका संजय, पीयूष तथा रजनी कोठारी सहित अन्य कलाकारों ने भक्ति गीतों, जागर और उत्तराखंड के लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान “हिमवंत देश मेरो” सहित बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने पारंपरिक थडिया गीत और चौंफ़ला नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित उत्तराखंडी समाज के लोग उत्साहपूर्वक झूम उठे। “हीरा समधिणी” गीत पर प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं।
भजन संध्या में देवताओं के जागर की प्रस्तुति ने विशेष आध्यात्मिक वातावरण बनाया। इसके अलावा उत्तराखंडी नॉन-स्टॉप लोकगीतों और भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नृत्य कर भक्ति एवं आनंद का अनुभव किया। “मोहन तेरी मुरली बाजे” जैसे बाजूबंद गीत ने वउत्तराखंड की लोक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। भजन संध्या के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी की भक्ति के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू होने का अवसर मिला।
इस अवसर पर समिति के चेयरमैन भूपेंद्र शर्मा, प्रधान रणबीर सिंह नेगी, महासचिव सुंदर लाल नौटियाल, सलाहकार प्रकाश चंद्र शर्मा, आर.सी. जोशी, बीरपाल सिंह नेगी, आनंद प्रसाद शर्मा, आलम सिंह, ज्वाला भंडारी, वेदपाल सिंह नेगी, लक्ष्मण नेगी, रोशन लाल बड़ोनी, बलचीर सिंह रावत, भरपूर सिंह, चंडी प्रसाद ममगाई, महेंद्र सिंह, श्रीमती मुनीता भट्ट, कमला उनियाल, रमेश प्रसाद फोदणी, मकान सिंह भंडारी, वृजमोहन फोंदाणी, शोभन सिंह भंडारी, दशरथ सिंह नेगी, शोभन सिंह नेगी, महताब सिंह भंडारी तथा बी.डी. उनियाल सहित समिति के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के जयकारों एवं श्रद्धालुओं की मंगलकामनाओं के साथ हुआ और कार्यक्रम में ट्राईसिटी के प्रमुख धार्मिक एवं राजनीतिक भद्रजनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।


