पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा जनजागरण अभियान….
देशभर में बढ़ती बेरोजगारी, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला नंबर-2 द्वारा सेक्टर-36 मार्केट में एक बड़ा जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी , ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार, अभय चंदेल और मनीष लांबा कुमार के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेक्टर-36 को कार्यक्रम स्थल के रूप में इसलिए चुना गया क्योंकि यहां एमसीएम कॉलेज सहित कई शिक्षण एवं कोचिंग संस्थान स्थित हैं तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की आवाजाही रहती है।
यह कांग्रेस पार्टी द्वारा युवाओं के मुद्दों को लेकर आयोजित दूसरा बड़ा जनजागरण कार्यक्रम था। इससे पहले ऐसा ही कार्यक्रम मनीमाजरा में आयोजित किया जा चुका है। कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं के बीच अपनी बात पहुंचाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा में छात्रों को संबोधित करते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों पर गंभीर सवाल उठाए थे। उसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
इसी क्रम में आज सेक्टर-36 मार्केट में बड़ी स्क्रीन लगाकर राहुल गांधी के कोटा कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। उपस्थित छात्रों, अभिभावकों और युवाओं ने कार्यक्रम को देखा तथा कांग्रेस नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मौके पर युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश का युवा दोहरी मार झेल रहा है। एक तरफ प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं जिससे लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और सपने बर्बाद हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ष करोड़ों नौकरियां देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि शिक्षित नौजवान रोजगार कार्यालयों और प्रतियोगी परीक्षाओं के चक्कर काटने को मजबूर हैं। केंद्र सरकार की नीतियों ने युवाओं का आत्मविश्वास तोड़ा है और देश में निराशा का माहौल पैदा कर दिया है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि पेपर लीक अब कोई अपवाद नहीं बल्कि व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। देश के विभिन्न राज्यों में भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे घोटाले यह साबित करते हैं कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि चंडीगढ़ में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। नगर निगम सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में स्थायी रोजगार देने के बजाय ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य असुरक्षित हो गया है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने भाजपा सरकार पर भरोसा कर उसे सत्ता सौंपी थी, लेकिन बदले में उन्हें बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और भ्रष्टाचार मिला। आज का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और सरकार उसकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी तथा जनआंदोलन के माध्यम से सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, स्थानीय नागरिक तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


